आयुष
आयुष में कृत्रिम बुद्धिमत्ता का एकीकरण
प्रविष्टि तिथि:
12 DEC 2025 9:44PM by PIB Delhi
आयुष मंत्रालय ने आयुष प्रणालियों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) को सक्रिय रूप से एकीकृत करने के लिए निम्नलिखित कदम उठाए हैं:
आयुष ग्रिड परियोजना आयुष क्षेत्र की आईटी रीढ़ की हड्डी के रूप में कार्य करती है, जो स्वास्थ्य सेवा, अनुसंधान एवं विकास, शिक्षा एवं जागरूकता आदि विभिन्न कार्यात्मक क्षेत्रों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), मशीन लर्निंग (एमएल) और अन्य उन्नत प्रौद्योगिकियों को एकीकृत करके डिजिटल परिवर्तन को गति प्रदान करती है। इस पहल के अंतर्गत, निदान और सेवा वितरण के लिए आयुष अस्पताल प्रबंधन सूचना प्रणाली (ए-एचएमआईएस), साक्ष्य-आधारित अनुसंधान को समर्थन देने के लिए आयुष अनुसंधान पोर्टल और नमस्ते पोर्टल जैसे कई डिजिटल प्लेटफॉर्म विकसित किए गए हैं।
इसके अलावा, मंत्रालय ने आयुर्स्वास्थ्य योजना के तहत एकीकृत सटीक स्वास्थ्य और चिकित्सा हेतु आईआईटी जोधपुर में आयुर्टेक में उत्कृष्टता केंद्र की स्थापना को मंजूरी दी है । यह अग्रणी परियोजना साक्ष्य-आधारित समाधान विकसित करने के लिए कार्यात्मक जीनोमिक्स, इलेक्ट्रॉनिक्स, डिजिटल स्वास्थ्य और एआई और एमएल जैसी अत्याधुनिक तकनीकों को एकीकृत करती है। साथ ही, राष्ट्रीय भारतीय चिकित्सा प्रणाली आयोग (एनसीआईएसएम), जो एनसीआईएसएम अधिनियम, 2020 के तहत गठित एक वैधानिक निकाय है, और बिरला इंस्टीट्यूट फॉर टेक्निकल स्टडीज (बीआईटीएस), पिलानी के बीच आयुर्वेद, सिद्ध, यूनानी और सोवा-रिग्पा (एएसयूएस) प्रणालियों में संकाय और छात्रों की एआई तैयारियों का आकलन करने, क्षेत्र-विशिष्ट आवश्यकताओं की पहचान करने और व्यापक उपयोग के लिए उपयुक्त एआई-आधारित उपकरण, पाठ्यक्रम सामग्री और शिक्षण विधियों को सह-विकसित करने के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए हैं।
11 जुलाई 2025 को, विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने "पारंपरिक चिकित्सा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के अनुप्रयोग का मानचित्रण" शीर्षक से एक तकनीकी संक्षिप्त रिपोर्ट जारी की, जिसमें पारंपरिक चिकित्सा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में भारत के नवाचार और कार्यान्वयन को मान्यता दी गई है।
आयुष मंत्रालय ने आयुष पद्धतियों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की वैश्विक अंतरसंचालनीयता, वैज्ञानिक सत्यापन और व्यापक रूप से अपनाने को सुनिश्चित करने के लिए निम्नलिखित पहल की हैं:
- आयुष मंत्रालय ने स्वास्थ्य के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर केंद्रित समूह (एफजी-एआई4एच) में पारंपरिक चिकित्सा के विषय संचालक के रूप में अग्रणी भूमिका निभाई है। यह पहल स्वास्थ्य क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के वैश्विक सहयोग और मानकीकरण को बढ़ावा देती है। यह प्रयास अब विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ), अंतर्राष्ट्रीय दूरसंचार संघ (आईटीयू) और विश्व बौद्धिक संपदा संगठन (डब्ल्यूआईपीओ) के संयुक्त नेतृत्व में "स्वास्थ्य के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर वैश्विक पहल (जीआई-एआई4एच)" में तब्दील हो चुका है।
- आयुर्वेद, सिद्ध और यूनानी चिकित्सा को समर्पित अंतर्राष्ट्रीय रोग वर्गीकरण (आईसीडी-11) के अध्याय 26 के मॉड्यूल 2 के विकास में मंत्रालय ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यह मॉड्यूल फरवरी 2025 में विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के आईसीडी-11 पोर्टल पर आधिकारिक रूप से जारी किया गया था, जिससे दुनिया भर के स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं को पारंपरिक और प्रथागत दोनों प्रकार के निदानों के लिए दोहरी कोडिंग का उपयोग करने की सुविधा मिली। इससे व्यापक डेटा संग्रह को बढ़ावा मिलता है और स्वास्थ्य सेवा प्रणालियों में वैश्विक अंतरसंचालनीयता बढ़ती है।
यह जानकारी आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री प्रताप राव जाधव ने लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में दी।
****
पीके/केसी/एमके/एनके
(रिलीज़ आईडी: 2213240)
आगंतुक पटल : 26