आयुष
azadi ka amrit mahotsav

देश में आयुष आधारित पर्यटन को प्रोत्साहन 

प्रविष्टि तिथि: 09 DEC 2025 8:24PM by PIB Delhi

सरकार ने देश में आयुष-आधारित पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए व्यापक रणनीति अपनाई है। पर्यटन मंत्रालय ने आयुष मंत्रालय सहित अन्य मंत्रालयों के साथ सलाह करके मेडिकल और वेलनेस टूरिज्म के लिए राष्ट्रीय रणनीति और रोडमैप तैयार किया है।

आयुष-आधारित इलाज चाहने वाले अंतरराष्ट्रीय आगंतुकों की सुविधा के लिए, सरकार ने 27 जुलाई 2023 को आयुष वीज़ा की अलग श्रेणी शुरू की। आयुष मंत्रालय ने आयुर्वेद और चिकित्सा की अन्य पारंपरिक प्रणालियों में मेडिकल वैल्यू ट्रैवल (एमवीटी) को बढ़ावा देने के लिए पर्यटन मंत्रालय के तहत भारत पर्यटन विकास निगम (आईटीडीसी) के साथ समझौते पर भी हस्ताक्षर किए हैं।

इसके अलावा, गृह मंत्रालय द्वारा संचालित मेडिकल और आयुष वीज़ा पोर्टल को वैध विदेशी रोगियों के प्रवेश को सुव्यवस्थित और विनियमित करने के लिए डिज़ाइन किया गया है। इसके लिए यह सुनिश्चित किया गया है कि केवल अधिकृत अस्पताल ही पहले से मान्य मेडिकल वीज़ा के माध्यम से वास्तविक रोगियों को इलाज के लिए आमंत्रित करें।

एमवीटी के प्रचार और प्रसार के लिए, आयुष मंत्रालय ने सफलतापूर्वक दो आयुष-आधारित मेडिकल वैल्यू ट्रैवल शिखर सम्मेलन आयोजित किए हैं। इनमें से एक पश्चिमी क्षेत्र के लिए 30 सितंबर 2024 को मुंबई में और दूसरा दक्षिणी क्षेत्र के लिए 26 मई 2025 को चेन्नई में आयोजित किया गया।

उत्तर प्रदेश  सरकार द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, राज्य में योग के माध्यम से जनता को स्वस्थ रखने के उद्देश्य से, वर्तमान में 225 योग वेलनेस सेंटर संचालित किए जा रहे हैं। इसके अलावा, 1034 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों (आयुष) के माध्यम से आम लोगों को योग और पंचकर्म आदि की सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।

इसके अलावा, अंतरराष्ट्रीय बौद्ध तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए, कुशीनगर महापरिनिर्वाण मंदिर परिसर में वेलनेस सेंटर में संचालित राज्य आयुर्वेदिक अस्पताल को आयुष्मान आरोग्य मंदिर (आयुष) में बदल दिया गया है, जहाँ योग, पंचकर्म और पैथोलॉजी परीक्षण जैसी सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।

भारतीय गुणवत्ता परिषद (क्यूसीआई) ने अस्पतालों, स्वास्थ्य सेवा संगठनों के लिए मान्यता कार्यक्रम स्थापित करने और संचालित करने के उद्देश्य से नेशनल एक्रेडिटेशन बोर्ड फॉर हॉस्पिटल्स एंड हेल्थकेयर प्रोवाइडर्स (एनएबीएच) की स्थापना की है। इसका उद्देश्य समग्र स्वास्थ्य सेवा गुणवत्ता को बढ़ाना, प्रणालियों को मजबूत करना और रोगी सुरक्षा को बढ़ावा देना है।  इसके अलावा, राज्य सरकार ने यह भी बताया कि राज्य के तहत आने वाले अस्पतालों और क्लीनिकों का फिजिकल वेरिफिकेशन होता है, जिसके बाद नियमित और समय-समय पर निरीक्षण भी किया जाता है।

यह जानकारी आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री प्रताप राव जाधव ने आज राज्यसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में दी।

******

पीके/केसी/पीके


(रिलीज़ आईडी: 2213189) आगंतुक पटल : 102
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English