युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग 2026 कार्यक्रम के लिए बिहार से शामिल होंगे 69 प्रतिभागी, कल लोकभवन में महामहिम राज्यपाल के संबोधन के बाद दिल्ली प्रस्थान

प्रविष्टि तिथि: 06 JAN 2026 5:00PM by PIB Patna

आज 6 जनवरी, 2026 को पी.आई.बी. कांफ्रेंस हॉल में आयोजित विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2026 कार्यक्रम पर प्रेस वार्ता को श्री सूर्यकांत कुमार, राज्य निदेशक, माय भारत एवं श्री महमूद आलम, संयुक्त सचिव, कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार सरकार ने सयुंक्त रूप से संबोधित किया।

श्री सूर्यकांत कुमार ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए बताया कि माय भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में राष्ट्रीय युवा उत्सव अंतर्गत विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग 2026 कार्यक्रम का आयोजन दिनांक 09.01.2026 से 12.01.2026 (राष्ट्रीय युवा दिवस) तक भारत मडंपम, नई दिल्ली में किया जा रहा है। उक्त कार्यक्रम में बिहार राज्य से विभिन्न चरणों यथा क्विज प्रतियोगिता, निबंध प्रतियोगिता आदि के माध्यम से चयनित कुल 46 प्रतिभागी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम यथा लोक नृत्य, लोक गीत के लिए 23 प्रतिभागी राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे। राष्ट्रीय स्तर पर बिहार से प्रतिभाग करने वाले समस्त प्रतिभागियों को दिनांक 07.01.2026 को महामहिम राज्यपाल, बिहार, द्वारा बिहार लोकभवन में संबोधित किया जाएगा। तत्पश्चात सभी प्रतिभागी शाम को दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे। 

उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 के संस्करण में दो नये गतिविधियों को शामिल किया गया है जिसमें "हैक फॉर सोशल कॉउज" के लिए IIT बॉम्बे के 24 टीमों द्वारा एवं "डिजाइन फॉर भारत" के लिए स्कूल ऑफ़ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर, नई दिल्ली के 26 टीमों द्वारा राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन किया गया।

राष्ट्रीय कार्यक्रम के शेड्यूल के बारे में बताते हुए राज्य निदेशक ने कहा कि भारत मंडपम में प्रथम दिन 09.01.2026 सभी कोटि के प्रतियोगिता के चयन प्रक्रिया, प्रधानमंत्री संग्रहालय तथा राष्ट्रीय वार मेमोरियल का भ्रमण एवं उत्सव के विभिन्न सत्रों का उन्मुखीकरण होगा। दूसरे दिन कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ श्री अजित डोभाल जी, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार द्वारा किया जाएगा। इसी दिन माननीय गणमान्य संसाधन व्यक्ति द्वारा समूह चर्चा एवं प्रस्तुतिकरण एवं यूनियन मंत्री द्वारा सभी प्रतिभागियों के साथ डिनर भी रखा गया है। तीसरे दिन राष्ट्रीय आईकॉन द्वारा सम्बोधन के अतिथि श्री श्रीधर वेम्बु, इसरो गगन यात्री रहेंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रम और भारतीय महिला क्रिकेट टीम के कप्तान सुश्री हरमन प्रीत कौर के साथ संवाद का आयोजन भी किया जाना है। चौथे एवं अंतिम दिन माननीय कैबिनेट मंत्री के समक्ष ट्रैक वाइज प्रस्तुतिकरण होना है। समापन समारोह में माननीय प्रधानमंत्री युवाओं को संबोधित करेंगे।


श्री महमूद आलम ने प्रतिभागियों के चयन प्रक्रिया के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि विकसित भारत यंग लीडर डॉयलॉग अंतर्गत आयोजित क्विज प्रतियोगिता (प्रथम राउण्ड) में बिहार से कुल 1,05,790 युवाओं ने भाग लिया, जिनमें से चयनोपरांत कुल 1665 युवाओं ने निबंध प्रतियोगिता (दूसरे चरण) में प्रतिभाग किया, जो "महिला नेतृत्व विकास", "फिट भारत, हिट भारत", "परम्परा के साथ नवाचार एक आधुनिक भारत का निर्माण",  "आत्मनिर्भर भारतः मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड" तथा "तकनीकी और नवाचारी तरीकों से कृषि उत्पादक का वृद्धि" जैसे 10 थीम/विषय पर आधारित था। लोकभवन द्वारा आमंत्रित बिहार के विश्वविद्यालयों के 60 प्रोफेसर के द्वारा विभिन्न थीम/विषय का मूल्याङ्कन कराया गया। इनमें से चयनित 518 प्रतिभागी अगले राउंड में 100 अंक के पीपीटी प्रस्तुस्तीकरण एवं 50 अंक के साक्षात्कार के लिए प्रस्तुत हुए। 150 अंकों के आधार पर 45 प्रतिभागियों की मेधा सूची तैयार की गयी एवं 1 प्रतिभागी का चयन केंद्र सरकार द्वारा किया गया। इसके साथ सांस्कृतिक विधाओं के लिए जिलों में विभिन्न विधाओं में चयनित प्रतिभागियों का राज्य स्तरीय कार्यक्रम मधुबनी जिले में हुआ जिसमें 23 प्रतिभागी चयनित हुए। इस तरह कुल 69 प्रतिभागी बिहार का प्रतिनिधित्व करने के लिए कल दिल्ली रवाना होंगे।

उत्पल कांत


(रिलीज़ आईडी: 2211802) आगंतुक पटल : 104