पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय
अंबुजा सीमेंट लिमिटेड के साथ समझौता ज्ञापन के अनुरूप वीओसी बंदरगाह को धातु अपशिष्ट से लदा पहला जहाज मिला
प्रविष्टि तिथि:
28 NOV 2025 7:30PM by PIB Delhi
वीओसी बंदरगाह ने अंबुजा सीमेंट लिमिटेड, गुजरात के साथ 19 नवंबर, 2025 को हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन (एमओयू) के अनुरूप तटीय धातु अपशिष्ट के लिए न्यूनतम गारंटीकृत टन-आधारित प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत धातु अपशिष्ट की पहली खेप प्राप्त की है। एमओयू के माध्यम से प्रतिवर्ष 2,50,000 मीट्रिक टन धातु अपशिष्ट की तटीय आवाजाही सुनिश्चित होती है।
इस एमओयू की प्रतिबद्धता के अनुसार 24 नवंबर, 2025 को जहाज एमवी लीमा ट्रेडर को एनसीबी-II पर खड़ा किया गया। यह गुजरात के सांघी बंदरगाह से 56,440 मीट्रिक टन तटीय धातु अपशिष्ट को लेकर आया था। जहाज को मेसर्स सीपोर्ट शिपिंग ने जहाज एजेंट के तौर पर प्राप्त किया और इसकी निगरानी मेसर्स सीपोर्ट लॉजिस्टिक्स द्वारा जहाज पर का माल उतारने-चढ़ानेवाले के रूप में किया जा रहा है।
धातु अपशिष्ट को सड़क मार्ग से बंदरगाह से करीब 24 किलोमीटर दूर तूतीकोरिन के मेला अरासदी में अंबुजा की ग्राइंडिंग यूनिट में ले जाया जाएगा, ताकि इसे आगे सीमेंट के रूप में प्रसंस्कृत किया जा सके।
आईआरएसईई के अध्यक्ष्र श्री सुशांत कुमार पुरोहित ने अपने संदेश में कहा कि यह ऐतिहासिक खेप सतत और किफायती तटीय परिवहन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो तटीय नौवहन को बढ़ावा देने की भारत सरकार की दृष्टि के अनुरूप है। उन्होंने यह भी बताया कि इस एमओयू के अनुसार आगामी महीनों में धातु अपशिष्ट से लदे और जहाजों के बंदरगाह पर आने की उम्मीद है, जिससे जहाज के माल की मात्रा में और वृद्धि होगी तथा बंदरगाह और उद्योग के बीच साझेदारी और मजबूत होगी।
उपरोक्त विवरण आज वी.ओ. चिदंबरम बंदरगाह प्राधिकरण द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में प्रदान किए गए।

***
पीके/केसी/एसएस
(रिलीज़ आईडी: 2196204)
आगंतुक पटल : 131