प्रविष्टि तिथि:
25 NOV 2025 9:20PM by PIB Delhi
केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने मंगलवार को अपने आवास पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम को हाल ही में हुए दृष्टिबाधित ट्वेंटी- ट्वेंटी विश्व कप में जीत के लिए सम्मानित किया।

भारतीय महिला टीम ने रविवार को श्रीलंका के कोलंबो में खेले गए फाइनल में नेपाल को सात विकेट से हरा दिया। इस टूर्नामेंट में भारत, नेपाल, पाकिस्तान, श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया और अमरीका सहित छह टीमें शामिल थीं।

भारतीय महिला टीम के पहली बार आईसीसी क्रिकेट विश्व कप जीतने के कुछ ही समय बाद ही दृष्टिबाधित क्रिकेट टीम ने जीत हासिल की है।

डॉ. मांडविया ने दृष्टिबाधित क्रिकेट टीम की जीत की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय महिला दृष्टिबाधित क्रिकेट टीम ने देश को गौरवान्वित किया है। उनकी जीत दिव्यांग खिलाड़ियों और उन सभी लोगों के लिए प्रेरणा है, जो देश का नाम रोशन करना चाहते हैं। अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और दृढ़ता से, उन्होंने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। मैं टीम को उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं देता हूँ। मैं आप सभी से भविष्य के टूर्नामेंट में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आग्रह करता हूं, पूरा देश और सरकार आपके साथ है।

भारतीय टीम की कप्तान दीपिका टीसी ने कहा कि मुझे इस बात की बेहद खुशी और गर्व है कि हमारे माननीय खेल मंत्री ने हमें सम्मानित करने के लिए अपने आवास पर आमंत्रित किया। उनके साथ बातचीत करके बहुत अच्छा लगा। उनके शब्द न केवल हमें, बल्कि दृष्टिबाधित समुदाय की अन्य महिलाओं को खेलों को अपना करियर बनाने और अपनी कड़ी मेहनत तथा दृढ़ संकल्प से देश को गौरवान्वित करने के लिए प्रोत्साहित करेंगे।

****
पीके/केसी/जेके/जीआरएस