पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय
पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय ने लंबित मामलों के निपटान के लिए विशेष अभियान (एससीडीपीएम) 5.0 के लक्ष्यों को हासिल किया
Posted On:
07 NOV 2025 4:37PM by PIB Delhi
पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय ने देश भर में अपने संस्थानों और कार्यालयों में लंबित मामलों के निपटान के लिए 02-31 अक्टूबर, 2025 तक आयोजित विशेष अभियान (एससीडीपीएम) 5.0 के तहत निर्धारित लक्ष्यों को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लंबित मामलों की व्यवस्थित समीक्षा और निपटान के माध्यम से स्वच्छता, स्थान प्रबंधन और डिजिटल शासन तथा परिवर्तन को बढ़ावा देना था। पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले सभी ग्यारह संस्थानों, कई क्षेत्रीय कार्यालयों और क्षेत्रीय इकाइयों ने इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लिया, जिससे कार्यकुशलता और प्रशासनिक पारदर्शिता को बढ़ावा मिला।
संयुक्त सचिव, श्री डी. सेंथिल पांडियन के मार्गदर्शन और निगरानी में, प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग (डीएआरपीजी) द्वारा संचालित एससीडीपीएम पोर्टल पर अभियान की प्रगति को समय-समय पर अपडेट किया गया। विशेष अभियान 5.0 से जुड़ी दैनिक गतिविधियों को सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर जनता और हितधारकों के साथ साझा किया गया।
महीने भर चले इस अभियान में पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं। मंत्रालय के 71 स्वच्छता अभियानों के तहत 18,218 वर्ग फुट कार्यालय स्थान को खाली किया गया। ई-कचरे सहित कबाड़ के प्रभावी निपटान से 88.76 लाख रुपये का राजस्व अर्जित हुआ। इसके अतिरिक्त, मंत्रालय ने 1,000 से अधिक फाइलों की समीक्षा की और 204 भौतिक फाइलों को हटाया। प्रधानमंत्री कार्यालय से प्राप्त 06 संदर्भों, सांसदों से प्राप्त 07 संदर्भों, राज्य सरकारों से प्राप्त 08 संदर्भों और 17 जन शिकायतों का समाधान किया गया।
श्री पांडियन ने कहा, "लंबित मामलों के निपटान के लिए विशेष अभियान 5.0 (एससीडीपीएम) के सफल संचालन के माध्यम से, पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय ने स्वच्छ भारत और डिजिटल इंडिया के दृष्टिकोण के अनुरूप एक कुशल, पारदर्शी और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार प्रशासनिक इको-सिस्टम को बनाए रखने के लिए अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की है।"
पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के सभी संस्थानों में नियमों और प्रक्रियाओं को आसान बनाने के साथ-साथ सर्वोत्तम विधियों के रूप में ई-ऑफिस और सार्वजनिक वित्तीय प्रबंधन प्रणाली (पीएफएमएस) के माध्यम से ऑनलाइन भुगतान को लागू करने पर निरंतर जोर दिया गया, जिससे डिजिटल शासन और जवाबदेही के विस्तार के लिए मंत्रालय की प्रतिबद्धता को बल मिला।
चित्र: नई दिल्ली स्थित पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के मुख्यालय में परिसर की स्वच्छता बढ़ाने पर केंद्रित एससीडीपीएम 5.0 की गतिविधियां, रिकॉर्ड रूम (बाएं) और लाइब्रेरी हॉल (दाएं) की झलकियां


***
पीके/केसी/जेके/एसके
(Release ID: 2187476)
Visitor Counter : 18