रक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

एक साथ गाएँ: वंदे मातरम् के 150 वर्ष

प्रविष्टि तिथि: 07 NOV 2025 3:44PM by PIB Bhopal

मऊ स्थित इन्फैंट्री स्कूल में आज भारत के राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ बड़े उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम “एक साथ गाएँ: वंदे मातरम् के 150 वर्ष” में लगभग 1200 प्रशिक्षकों, स्टाफ़ सदस्यों और विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् गाकर देशभक्ति और एकता का अद्भुत प्रदर्शन किया।

यह आयोजन वंदे मातरम् के रचयिता बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय को नमन करते हुए उनके 1875 में रचित अमर गीत के प्रति श्रद्धांजलि था, जिसने देशवासियों में मातृभूमि के प्रति समर्पण और गर्व की भावना को सदैव प्रेरित किया है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य इन्फैंट्री स्कूल समुदाय में उसी भावना को पुनर्जीवित करना था, जो अनुशासन, निष्ठा और राष्ट्रीय गर्व के मूल्यों को सशक्त बनाती है।

कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण में सामूहिक गायन के पश्चात लेफ्टिनेंट जनरल गजेन्द्र जोशी, एवीएसएम, एसएम, कमांडेंट, इन्फैंट्री स्कूल द्वारा संबोधन शामिल था, जिसमें उन्होंने वंदे मातरम् के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। समारोह राष्ट्रीय ध्वज की पृष्ठभूमि में आयोजित किया गया, जो राष्ट्र की एकता और शक्ति का प्रतीक था। देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ और काव्य-पाठ ने समारोह के वातावरण को और अधिक प्रेरणादायक बना दिया। कार्यक्रम का समापन समूह छायाचित्र और प्रतिभागियों के साथ संवाद सत्र के साथ हुआ।

इस सफल आयोजन ने इन्फैंट्री स्कूल की भारत की समृद्ध सांस्कृतिक और देशभक्ति की विरासत को संरक्षित एवं प्रोत्साहित करने की सामूहिक प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया।

**


(रिलीज़ आईडी: 2187336) आगंतुक पटल : 7
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English