विधि एवं न्याय मंत्रालय
केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल ने विधि कार्य विभाग में विशेष अभियान 5.0 के कार्यान्वयन की समीक्षा की
कार्यालय का निरीक्षण किया, समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की और अभियान की उपलब्धियों पर मीडिया से बातचीत की
प्रविष्टि तिथि:
31 OCT 2025 7:13PM by PIB Delhi
केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री अर्जुन राम मेघवाल ने आज विधि एवं न्याय मंत्रालय के विधि कार्य विभाग (डीएलए) में स्वच्छता, दक्षता और सुधार के लिए एक महीने तक चले राष्ट्रव्यापी अभियान के समापन पर विशेष अभियान 5.0 की प्रगति की समीक्षा की।
श्री मेघवाल ने मुख्य सचिवालय, शास्त्री भवन स्थित कार्यालय का दौरा किया, जहाँ उन्होंने विभाग की स्वच्छता, अभिलेख प्रबंधन, ई-कचरा निपटान और कार्यस्थल सौंदर्यीकरण में प्रगति और की गई पहलों का निरीक्षण किया। उनके साथ विधि सचिव और विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।
इस दौरे के दौरान, श्री मेघवाल ने अधिकारियों से बातचीत की और विशेष अभियान 5.0 के तहत कार्यालय परिसर को अधिक स्वच्छ, हरित और अधिक कुशल कार्यस्थलों में बदलने के लिए विभाग के सामूहिक प्रयासों की सराहना की। माननीय मंत्री को प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग (डीएआरपीजी) द्वारा निर्धारित सभी कार्य बिंदुओं पर, विभाग के प्रदर्शन की जानकारी दी गई, जिसमें स्वच्छता, रिकॉर्ड प्रबंधन, लंबित मामलों का निपटान, ई-कचरा प्रबंधन और स्क्रैप निपटान शामिल हैं।
निरीक्षण के बाद, श्री मेघवाल ने कर्मयोगी सभागार में एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और मीडिया के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। यह बैठक हाइब्रिड मोड में भी आयोजित की गई, जिसमें शाखा सचिवालय, केंद्रीय एजेंसी अनुभाग, भारतीय विधि आयोग, भारतीय विधि संस्थान, भारत अंतर्राष्ट्रीय मध्यस्थता केंद्र, आईटीएटी पीठों समेत देश भर के सभी संबद्ध और अधीनस्थ कार्यालयों ने हिस्सा लिया।
केंद्रीय मंत्री के दौरे और समीक्षा से विधि कार्य विभाग में विशेष अभियान 5.0 का सार्थक समापन हुआ। विभाग ने अभियान के लाभों को आगे बढ़ाने के लिए, स्वच्छता, डिजिटल दक्षता और पारदर्शिता को अपनी कार्य संस्कृति की स्थायी विशेषताएँ बनाने के अपने संकल्प को एक बार फिर दोहराया।





****
पीके/केसी/एनएस
(रिलीज़ आईडी: 2184894)
आगंतुक पटल : 41