इस्पात मंत्रालय
भिलाई इस्पात संयंत्र के उद्यानिकी विभाग द्वारा वन्य प्राणी संरक्षण सप्ताह का सफल समापन, बच्चों ने दिखाई प्रकृति संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता
प्रविष्टि तिथि:
13 OCT 2025 6:22PM by PIB Raipur
सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के नगर सेवाएं विभाग के अंतर्गत आने वाले उद्यानिकी विभाग द्वारा आयोजित वन्य प्राणी संरक्षण सप्ताह 2025 की कार्यक्रम श्रृंखला का सफल समापन हुआ। अक्टूबर माह के द्वितीय सप्ताह में आयोजित इस सप्ताह के अंतर्गत विद्यालय स्तरीय विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों और नागरिकों में वन्य प्राणी एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता और संवेदनशीलता बढ़ाने का संदेश दिया गया।

महाप्रबंधक (उद्यानिकी–नगर सेवाएं) डॉ. एन.के. जैन के नेतृत्व में आयोजित इन कार्यक्रमों की शुरुआत विद्यालयी बच्चों के बीच चित्रकला प्रतियोगिता से हुई। इसके बाद भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जबकि “एक सफर मैत्री का” पहल के तहत स्कूली बच्चों के लिए मैत्री बाग चिड़ियाघर का नि:शुल्क भ्रमण कराया गया, जिससे बच्चों को वन्य प्राणियों और उनके संरक्षण के महत्व की प्रत्यक्ष जानकारी प्राप्त हुई।

कार्यक्रम श्रृंखला का समापन मैत्री बाग के मोमबत्ती लॉन में आयोजित रंगारंग सांस्कृतिक समारोह के साथ हुआ। इस अवसर के मुख्य अतिथि कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में वन मंडलाधिकारी (दुर्ग) श्री दिपेश कपिल उपस्थित थे। समारोह की शुरुआत स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुई, जिसके बाद अतिथियों ने बच्चों द्वारा बनाई गई आकर्षक चित्रकला प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

मुख्य अतिथि श्री पवन कुमार ने अपने उद्बोधन में कहा कि “प्रकृति ने हमें वन्य पर्यावरण और वन्य प्राणियों के रूप में अमूल्य धरोहर दी है, जिनका संरक्षण करना केवल विभागीय नहीं बल्कि सामूहिक दायित्व है। ऐसे आयोजन जन-जागरूकता बढ़ाने और भावी पीढ़ी में संरक्षण की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।” उन्होंने बच्चों की सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि भिलाई इस्पात संयंत्र पर्यावरण और वन्य प्राणी संरक्षण के प्रति सदैव प्रतिबद्ध और सजग है।
विशिष्ट अतिथि श्री दिपेश कपिल ने कहा कि “किसी भी कार्यक्रम की सफलता जनभागीदारी और जागरूकता से ही संभव होती है, और आज बच्चों ने इस तथ्य को साकार रूप में प्रस्तुत किया है।”

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे मुख्य महाप्रबंधक (नगर सेवाएं एवं कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व) श्री उत्पल दत्ता ने कहा कि “प्रकृति के संतुलन में वन्य प्राणियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और उनका संरक्षण एक सतत् सामूहिक जिम्मेदारी है, जिसका निर्वहन उद्यानिकी विभाग निरंतर करता आ रहा है।”

इस अवसर पर महाप्रबंधक प्रभारी (उद्यानिकी, भूमि एवं विद्युत विभाग) श्री एस.बी. श्रीनिवास ने स्वागत भाषण एवं वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए उद्यानिकी विभाग द्वारा वर्षभर में किए गए कार्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता के विजेता बच्चों को मुख्य अतिथि और अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया।
भाषण प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों ने मंच से वन्य प्राणी संरक्षण पर अपने विचार प्रस्तुत किए, जिनकी सभी ने सराहना की। इसके पश्चात बच्चों ने स्वागत गीत, एकल गायन, छत्तीसगढ़ी और राजस्थानी लोकनृत्य जैसी मनमोहक प्रस्तुतियों से वातावरण को जीवंत बना दिया।
कार्यक्रम का संचालन क्रीड़ा, सांस्कृतिक एवं नागरिक सुविधाएं विभाग के श्री सुप्रियो सेन ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन महाप्रबंधक (उद्यानिकी–नगर सेवाएं) डॉ. एन.के. जैन ने प्रस्तुत किया।
निर्णायक मंडल में चित्रकला प्रतियोगिता हेतु श्री शत्रुघन स्वर्णकार और श्री मोहन बरल, तथा भाषण प्रतियोगिता के लिए सुश्री अर्पणा बेनर्जी और सुश्री मीता रॉय शामिल थीं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में श्री मृदुल गुप्ता, श्री गफ्फार खान, श्री राजेश शर्मा, श्री आरिफ खान, श्री ललित कुमार, श्री ए.के. सिन्हा, श्री संदीप नायडू, श्री योगेश कुमार चंद्राकर, श्री शंकरलाल अग्रवाल, श्री खीरु प्रसाद, श्री चंद्रमणि चंद्राकर, सुश्री किरण, श्री हरिंदर, श्री मदनगोपाल सिंह, श्री प्रेम साहू सहित विभाग के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा।
******
आरडीजे/केआरवी/पीजे
(रिलीज़ आईडी: 2178581)
आगंतुक पटल : 31
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें:
English