शिक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

आईआईटी भिलाई ने रचा इतिहास: तापमान के अनुसार आकार बदलने वाले 4डी प्रिंटेड पॉलिमर से चिकित्सा जगत में नई क्रांति

प्रविष्टि तिथि: 07 OCT 2025 4:29PM by PIB Raipur

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) भिलाई के शोधकर्ताओं ने चिकित्सा विज्ञान के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की है। संस्थान के वैज्ञानिकों भानेन्द्र साहू, निशिकांत सिंह, सुदीप्त पॉल और डॉ. संजीब बनर्जी के नेतृत्व में शोधकर्ताओं की टीम ने ऐसे स्मार्ट 4डी प्रिंटेड पॉलिमर विकसित किए हैं जो तापमान के अनुसार अपना आकार बदल सकते हैं। यह अभूतपूर्व खोज भविष्य के चिकित्सा उपकरणों और प्रत्यारोपण (इम्प्लांट) तकनीक में क्रांतिकारी बदलाव लाने की क्षमता रखती है।

ये बुद्धिमान पॉलिमर आवश्यकतानुसार स्वयं मुड़ने, फैलने या सिकुड़ने में सक्षम हैं, जिससे न्यूनतम आक्रामक सर्जरी (मिनिमली इनवेसिव सर्जरी), लक्षित दवा वितरण और प्रत्यारोपण योग्य चिकित्सीय उपकरणों के निर्माण में नई संभावनाएं खुल रही हैं। वैज्ञानिकों का कहना है कि यह तकनीक शरीर के तापमान पर प्रतिक्रिया करते हुए सेल्फ-डिप्लॉयिंग इम्प्लांट्स और इंजेक्टेबल बायो-रोबोट्स जैसी उन्नत प्रणालियों के विकास का मार्ग प्रशस्त कर सकती है, जो चिकित्सा उपचार को अधिक सटीक, सुरक्षित और प्रभावी बनाएंगी।

विशेषज्ञों के अनुसार, आईआईटी भिलाई की यह उपलब्धि वैश्विक जैव-चिकित्सा अनुसंधान में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी। यह नवाचार पॉलिमर विज्ञान, रोबोटिक्स और चिकित्सा विज्ञान को एक नए स्तर पर जोड़ते हुए ऐसे “बुद्धिमान पदार्थ” (इंटेलिजेंट मटेरियल्स) के निर्माण की दिशा में अग्रसर है, जो न केवल शल्य चिकित्सा के जोखिमों को कम करेंगे बल्कि मानवीय उपचार की सीमाओं को भी पुनर्परिभाषित करेंगे।


******


(रिलीज़ आईडी: 2175820) आगंतुक पटल : 61
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English