कृषि एवं किसान कल्‍याण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने पटना में रबी कार्यशाला एवं कृषि सलाहकार संवाद को संबोधित किया


कृषि भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और किसान उसकी आत्मा हैं: श्री शिवराज सिंह चौहान

सरकार ने कृषि सलाहकारों की जरूरत और मूल्य दोनों को पहचाना है और उनके सम्मान एवं हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है: श्री शिवराज सिंह चौहान

भारत अपने किसानों के हितों के साथ कोई समझौता नहीं करेगा, प्रधानमंत्री ने कहा राष्ट्रहित सर्वोपरि: श्री शिवराज सिंह चौहान

Posted On: 04 OCT 2025 4:59PM by PIB Delhi

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज बिहार प्रवास के दौरान पटना में आयोजित रबी कार्यशाला एवं कृषि सलाहकार संवाद कार्यक्रम में भाग लिया और कृषि वैज्ञानिकों, सलाहकारों एवं किसानों को संबोधित किया।

अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि “कृषि भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और किसान उसकी आत्मा हैं। किसानों की सेवा करना मेरे लिए भगवान की पूजा के समान है।”

श्री चौहान ने कहा कि एक समय था जब भारत अमेरिका से पी.एल.–480 के अंतर्गत लाल गेहूँ आयात करता था, किंतु आज की स्थिति यह है कि देश के भंडार गेहूँ और चावल से भरे हुए हैं और भारत अन्य देशों को भी अनाज निर्यात कर रहा है। इसमें किसानों की कड़ी मेहनत और कृषि सलाहकारों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

कृषि मंत्री ने कृषि सलाहकारों की सराहना करते हुए कहा कि यदि सलाहकार न हों तो अनुसंधान प्रयोगशालाओं की उपलब्धियां जमीन तक नहीं पहुँच पाएंगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने कृषि सलाहकारों की जरूरत और मूल्य दोनों को पहचाना है और उनके सम्मान एवं हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

श्री चौहान ने बिहार में दलहन और मक्का उत्पादन की संभावनाओं पर विशेष बल दिया और कहा कि “दलहन मिशन के माध्यम से देश को दालों में भी आत्मनिर्भर बनाया जाएगा, और इसमें कृषि सलाहकारों की अहम भूमिका होगी।” उन्होंने हाल ही में मंत्रिमंडल द्वारा घोषित न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में वृद्धि का भी उल्लेख किया।

कार्यक्रम के दौरान श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ‘प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना’ के अंतर्गत उत्पादकता में कमी वाले जिलों को विशेष फोकस में रखा गया है, जिसमें बिहार के भी कई जिले शामिल हैं। इस योजना के तहत 11 विभाग मिलकर सामूहिक रूप से कार्य करेंगे।

श्री चौहान ने प्रधानमंत्री मोदी की नीति ‘राष्ट्रहित सर्वोपरि’ का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत अपने किसानों के हितों के साथ कोई समझौता नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि भारत आज स्वतंत्र और संप्रभु राष्ट्र के रूप में अपनी शर्तों पर आगे बढ़ रहा है।

बिहार के किसानों की उपलब्धियों को सराहते हुए उन्होंने कहा कि राज्य कई फसलों में अग्रणी है और आने वाले समय में कृषि ही भारत की समृद्धि का सबसे बड़ा आधार बनेगी।

***

आर सी/ए आर


(Release ID: 2174805) Visitor Counter : 96
Read this release in: English