रक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

'ई-कचरे का निपटान' : रक्षा विभाग ने विशेष अभियान 5.0 के कार्यान्वयन चरण की शुरुआत की

प्रविष्टि तिथि: 03 OCT 2025 5:59PM by PIB Delhi

सरकार के स्वच्छ भारत अभियान के एक हिस्से के रूप में, रक्षा विभाग (डीओडी) ने विशेष अभियान 5.0 (2 से 31 अक्टूबर, 2025 तक) के कार्यान्वयन चरण की शुरुआत कर दी है। इस वर्ष का विशिष्ट विषय 'ई-कचरे का निपटान' है। अभियान में गतिविधियां अप्रचलित आईटी उपकरणों आदि के निपटान और ऐसे कचरे से धन सृजन पर केंद्रित होंगी। स्वच्छता पर विशेष अभियान 5.0 के प्रारंभिक चरण के दौरान, विभाग ने सांसदों के संदर्भ, जन शिकायतें, अंतर-मंत्रालयी परामर्श, संसदीय आश्वासन और राज्य सरकार के संदर्भ आदि जैसे विभिन्न मानदंडों पर लंबित मामलों की पहचान कर ली है।

स्वच्छता अभियान के लिए चिन्हित स्थानों/कार्यालयों का विस्तार पूरे देश में है। इन स्थानों में रक्षा लेखा महानियंत्रक, सीमा सड़क संगठन, सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा महानिदेशालय, राष्ट्रीय कैडेट कोर महानिदेशालय, भारतीय तटरक्षक बल, सैनिक स्कूल सोसाइटी, कैंटीन स्टोर्स विभाग, छावनी क्षेत्र जैसे विभिन्न संगठन/संलग्न कार्यालय के साथ ही नेहरू पर्वतारोहण संस्थान, उत्तरकाशी; राष्ट्रीय पर्वतारोहण एवं साहसिक खेल संस्थान, दिरांग (अरुणाचल प्रदेश); जवाहर पर्वतारोहण एवं शीतकालीन खेल संस्थान, पहलगाम (जम्मू-कश्मीर) और हिमालयन पर्वतारोहण संस्थान, दार्जिलिंग शामिल हैं।  स्वच्छता अभियान के तहत कार्यस्थल को स्वच्छ और अव्यवस्था मुक्त बनाने पर ज़ोर दिया जाएगा, जिससे अंततः कार्य उत्पादकता में वृद्धि होगी।

****

पीके/केसी/एके/केके


(रिलीज़ आईडी: 2174592) आगंतुक पटल : 177
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu