संस्कृति मंत्रालय
“स्वच्छता ही सेवा अभियान – 2025” के अंतर्गत इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय में विविध कार्यक्रमों का आयोजन
प्रविष्टि तिथि:
18 SEP 2025 6:38PM by PIB Bhopal
संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के अधीनस्थ इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय, भोपाल में 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर 2025 तक “स्वच्छता ही सेवा अभियान – 2025” का आयोजन किया जा रहा है। इस विशेष अभियान का उद्देश्य संग्रहालय परिसर में स्वच्छता को प्रोत्साहित करना और समाज में जागरूकता फैलाना है।
इस अभियान के दौरान संग्रहालय में अनेक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है, जिनमें विशेष सफाई अभियान, स्क्रैप सामग्री का निस्तारण, आलेख लेखन एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता शामिल हैं। साथ ही “कचरे से कला निर्माण प्रतियोगिता” का भी आयोजन किया जा रहा है, जो प्रतिभागियों को अपनी रचनात्मकता के माध्यम से स्वच्छता का संदेश प्रसारित करने का अवसर प्रदान करेगी।

कार्यक्रमों की श्रृंखला में स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित विशेष व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे, जिनमें स्वस्थ जीवनशैली और स्वच्छ वातावरण के महत्व पर प्रकाश डाला जाएगा। इसके अतिरिक्त एयर एवं वाटर कूलर्स की सफाई जैसे व्यावहारिक कदम भी इस अभियान का हिस्सा हैं।

इस अवसर पर संग्रहालय के निदेशक प्रो. अमिताभ पांडे ने कहा कि – “स्वच्छता केवल व्यक्तिगत आदत नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी है। ऐसे कार्यक्रम लोगों को प्रेरित करते हैं कि वे अपने आस-पास की स्वच्छता बनाए रखते हुए एक स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान दें।”
संग्रहालय के जन संपर्क अधिकारी श्री हेमंत बहादुर सिंह परिहार ने स्वच्छता पखवाड़े के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह अभियान न केवल जागरूकता पैदा कर रहा है, बल्कि “स्वच्छ भारत” के राष्ट्रीय संकल्प को भी सशक्त बना रहा है। वहीं, संग्रहालय के स्वच्छता अभियान प्रभारी श्री दीपक चौधरी ने स्वच्छता संबंधी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी।
आगामी गतिविधियों की रूपरेखा:-
1. अनावश्यक वस्तुओं को कमरों से हटाकर अनुपयोगी स्क्रैप सामग्री का निस्तारण।
2. विशेष सफाई अभियान – मुक्ताकाश प्रदर्शनी एवं संग्रहालय परिसर।
3. आलेख लेखन प्रतियोगिता (स्वच्छता विषयक)।
4. प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता।
5. कचरे से कला निर्माण (Making Art from the Waste) प्रतियोगिता।
6. विभिन्न कार्यस्थलों पर विशेष सफाई अभियान।
7. प्लास्टिक मुक्त परिसर हेतु विशेष अभियान।
8. जल एवं वायु शीतक (कूलर, एयरकूलर) की सफाई।
9. अतिथि गृहों एवं परिसर में विशेष सफाई अभियान।
10. साफ़-सफ़ाई तथा स्वास्थ्य परीक्षण कैंप।
11. समापन दिवस (02 अक्टूबर 2025) पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं स्वच्छता शपथ।
इस अवसर पर आयोजित सामूहिक स्वच्छता कार्यक्रम में संग्रहालय के सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और अपने-अपने कार्यस्थलों व परिसर को साफ-सुथरा बनाया।
**
(रिलीज़ आईडी: 2168440)
आगंतुक पटल : 3