शिक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

शिक्षाविदों ने तीन दिवसीय प्रशिक्षण में सीखी उद्यमिता और करियर परामर्श की बारीकियाँ

पीएसएससीआईवीई में व्यावसायिक शिक्षा एवं उद्यमिता में करियर के लिए स्कूल काउंसलर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्‍न

प्रविष्टि तिथि: 18 SEP 2025 5:00PM by PIB Bhopal

व्यावसायिक शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी पं. सुंदरलाल शर्मा केंद्रीय व्यावसायिक शिक्षा संस्थान (पीएसएससीआईवीई), भोपाल में दिनांक 15 से 17 सितम्बर 2025 तक आयोजित “व्यावसायिक शिक्षा एवं उद्यमिता में करियर हेतु स्कूल काउंसलर्स के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम” का समापन 17 सितम्बर 2025 को हुआ। इस तीन दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान एनसीईआरटी, पीएसएससीआईवीई के साथ वाधवानी फाउंडेशन, यूनिसेफ, एनसीएचएचडी-पीएसयू, केवीआईसी संस्थानों के विशेषज्ञों द्वारा प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। समापन दिवस पर प्रतिभागियों ने Most Important Learning Yesterday (MILLY) साझा की, असाइनमेंट प्रस्तुत किए तथा विभिन्न राज्यों की श्रेष्ठ प्रथाओं का आदान-प्रदान किया। इसके पश्चात “उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए प्रमुख सरकारी कार्यक्रम (नवाचार, इन्क्यूबेशन एवं अटल टिंकरिंग लैब्स आदि)” विषय पर खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग (केवीआईसी) भोपाल के निदेशक श्री संजीव राणा ने प्रशिक्षण दिया। “भारत में उद्यमिता: प्रमुख सहयोगी संस्थान एवं असाइनमेंट” विषय पर पीएसएससीआईवीई के सहायक प्राध्यापक डॉ. संगमेश हुगर ने व्याख्यान प्रस्तुत किया। साथ ही “कार्ययोजना पर चर्चा” सत्र का संचालन कार्यक्रम समन्वयक डॉ. विनोद कुमार यादव एवं डॉ. विपिन कुमार जैन ने किया। संस्थान के सीडीईसी प्रमुख प्रो. वीएस मेहरोत्रा ने प्रतिभागियों को संस्थान के कार्यकलापों के साथ साथ कॅरियर कार्ड्स और माय कॅरियर एप के उपयोग की विधि और उसकी उपयोगिता के बारे में बताया।

प्रशिक्षण के प्रथम दिवस (15 सितंबर 2025) को कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के संयुक्त निदेशक डॉ. दीपक पालीवाल द्वारा किया गया। उद्घाटन सत्र के बाद “शिक्षकों के लिए प्री-टेस्ट, परिचय एवं आत्मीयता निर्माण (माइक्रो लैब) तथा पीएसएससीआईवीई की भूमिका एवं कार्य” विषय पर डॉ. विपिन कुमार जैन, “समग्र शिक्षा, नई शिक्षा नीति 2020 एवं एनसीएफ-एसई 2023 के अंतर्गत विद्यालयों में व्यावसायिक शिक्षा का क्रियान्वयन” विषय पर डॉ. विनोद कुमार यादव, “व्यावसायिक शिक्षा एवं प्रशिक्षण के संदर्भ में करियर परामर्श” विषय पर प्रो. किरण माथुर (पूर्व प्राध्यापक, एनसीईआरटी) तथा “स्कूल गाइडेंस कार्यक्रम” विषय पर डॉ. पारूल सिंह (सहायक प्राध्यापक, एनसीईआरटी) ने व्याख्यान प्रस्तुत किए। द्वितीय दिवस (16 सितम्बर ) को “कैरियर संबंधी जानकारी का प्रसार (कैरियर कार्ड सहित)” विषय पर श्री एफ.ए. जामी (एजुकेशनल स्पेशलिस्ट, यूनिसेफ, मध्यप्रदेश), “करियर की योजना : माय करियर एडवाइजर ऐप का उपयोग” विषय पर कर्नल (सेवानिवृत्त) संतोष कुमार (उपाध्यक्ष, वाधवानी फाउंडेशन), “करियर की योजना : स्वयं को जानें (स्कूल परिवेश में)” विषय पर प्रो. किरण माथुर (पूर्व प्राध्यापक, एनसीईआरटी) तथा “उद्यमिता की समझ: आधार, औचित्य एवं प्रेरणा (जीईटीटी तथा सफल उद्यमियों की कहानियों सहित)” एवं “एक उद्यमी की प्रमुख दक्षताएँ” विषयों पर श्री तरुण बेदी (वरिष्ठ सलाहकार, कार्यक्रम सहायता इकाई, एनसीएचएचडी) द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

तीन दिवसीय इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश एवं चंडीगढ़ से आए 42 अधिकारी एवं स्कूल काउंसलर्स ने सक्रिय सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालय स्तर पर कार्यरत काउंसलर्स को व्यावसायिक शिक्षा और उद्यमिता के क्षेत्र में सक्षम बनाना तथा विद्यार्थियों को कैरियर मार्गदर्शन प्रदान करने में उनकी भूमिका को और अधिक सशक्त करना रहा।

**


(रिलीज़ आईडी: 2168121) आगंतुक पटल : 4