संस्कृति मंत्रालय
इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेस्ट मैनेजमेंट, भोपाल के छात्रों का मानव संग्रहालय भ्रमण
प्रविष्टि तिथि:
23 AUG 2025 7:31PM by PIB Bhopal
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय, भोपाल में आज इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेस्ट मैनेजमेंट (IIFM), भोपाल के लगभग 200 छात्र-छात्राओं ने एक शैक्षणिक भ्रमण किया। यह भ्रमण डॉ. उज्जल कुमार शर्मा, एसोसिएट प्रोफेसर एवं डॉ. आशीष डेविड, सहायक प्राध्यापक के नेतृत्व में आयोजित किया गया। यह भ्रमण छात्रों के अध्ययन पाठ्यक्रम एवं शोध असाइनमेंट का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा। कार्यक्रम की शुरुआत आवृत्ति अनुभाग स्थित सभाकक्ष में हुई, जहाँ संग्रहालय के निदेशक प्रो. अमिताभ पांडे ने छात्रों को संग्रहालय की कार्यप्रणाली, उद्देश्यों और विविध गतिविधियों से अवगत कराया। उन्होंने अपने संबोधन में विशेष रूप से समुदायों की सक्रिय भागीदारी को रेखांकित करते हुए बताया कि यह संग्रहालय ‘लिविंग म्यूजियम’ की अवधारणा पर आधारित है, जहाँ प्रदर्शनी मात्र स्थिर वस्तुओं के प्रदर्शन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज और संस्कृति की जीवंत सहभागिता से संचालित होती है। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि आधुनिक सूचना प्रौद्योगिकी के माध्यम से संग्रहालयों को अधिक से अधिक जनसामान्य तक पहुँचाने की आवश्यकता है, और इस दिशा में युवा शोधार्थियों को महत्त्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए। इसके पश्चात् छात्रों को संग्रहालय की परिचयात्मक फिल्म दिखाई गई, जिसके माध्यम से संग्रहालय की स्थापना, उद्देश्य, प्रदर्शनी संरचनाएँ एवं विविध सांस्कृतिक गतिविधियों की झलक प्रस्तुत की गई। भ्रमण के दौरान छात्रों ने संग्रहालय क्यूरेटरों के मार्गदर्शन में विभिन्न प्रदर्शनी क्षेत्रों का अवलोकन किया। इनमें अंतरंग प्रदर्शनी दीर्घा भवन, वीथि संकुल, तटीय गाँव, हिमालय ग्राम तथा जनजातीय आवास मुक्ताकाश प्रदर्शनी क्षेत्र प्रमुख रहे। इस अवसर पर छात्रों ने संग्रहालय की संरचना, प्रदर्शन शैली तथा जनजातीय जीवन और पारंपरिक ज्ञान के संरक्षण एवं संवर्धन की प्रक्रिया को गहनता से समझा। यह शैक्षणिक भ्रमण न केवल छात्रों के लिए ज्ञानवर्धक एवं शोधोन्मुख अनुभव सिद्ध हुआ, बल्कि संग्रहालय और शैक्षणिक संस्थानों के मध्य सहयोग एवं संवाद की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण कदम भी रहा।

***
(रिलीज़ आईडी: 2160538)
आगंतुक पटल : 4