कृषि एवं किसान कल्‍याण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केन्द्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने संसदीय क्षेत्र विदिशा-रायसेन में तिरंगा यात्रा - स्वदेशी मार्च निकाला, स्वयं सहायता समूह की बहनों के साथ मनाया रक्षाबंधन


हमारा मान तिरंगा, हमारी शान तिरंगा, हमारा अभिमान तिरंगा : केन्द्रीय कृषि मंत्री श्री चौहान

बहनें अब लखपति दीदी के साथ मिलेनियर दीदी भी बनेंगी : श्री शिवराज सिंह चौहान

केन्द्रीय कृषि मंत्री ने  लोगों से स्वदेशी अपनाने का आह्वान किया

पाक अधिकृत कश्मीर हमारा है और हमारा ही होगा :  श्री शिवराज सिंह चौहान

Posted On: 13 AUG 2025 6:34PM by PIB Delhi

केन्द्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को अपने संसदीय क्षेत्र विदिशा-रायसेन में तिरंगा यात्रा व स्वदेशी मार्च निकाला। वहीं श्री शिवराज सिंह ने यात्रा से पहले विदिशा में स्वयं-सहायता समूह की बहनों के साथ रक्षाबंधन भी मनाया। तिरंगा यात्रा और स्वदेशी मार्च विदिशा के माधवगंज चौराहे से प्रारंभ होकर रायसेन के महामाया चौक पर समाप्त हुई। श्री शिवराज सिंह ने भी आम जनता से स्वतंत्रता दिवस पर अपने-अपने घरों पर झंडा फहराने की अपील की और स्वदेशी अपनाने का संकल्प दिलाया। इस दौरान उन्होंने कहा कि हमारा राष्ट्रध्वज देश का गौरव और सम्मान है। तिरंगे को हाथ में लेकर ही आजादी की लड़ाई में लाखों लोगों ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपनी कुर्बानियां दी हैं और अब फिर स्वतंत्रता दिवस आ रहा है, हमारा राष्ट्रीय पर्व... बहनों और भाइयों अपने राष्ट्रीय पर्व को हम धूमधाम से मनाएं और अपने घर भी तिरंगा फहराएं।

केन्द्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने विदिशा में स्वयं-सहायता समूह की बहनों के साथ रक्षाबंधन मनाया और देश की सभी बहनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दी। श्री चौहान ने कहा कि आज बहनों ने राखी मेरी कलाई पर बांधी है, जो प्रेम, स्नेह और आत्मीयता का धागा है। केन्द्रीय मंत्री ने बताया कि लखपति दीदी अभियान चल रहा है। मुझे खुशी है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने जो संकल्प लिया है 3 करोड़ लखपति दीदी बनाने का, उसमें से 2 करोड़ के आसपास तो लखपति दीदी बनने ही वाली हैं, और समय से पहले हम 3 करोड़ दीदीयों को लखपति दीदी बना देंगे। और जो लखपति दीदी बन गई हैं, उन्हें मिलेनियर दीदी बनाएंगे। मिलेनियर दीदी का मतलब है, जिसकी आमदनी 10 लाख है, इस संकल्प को भी पूरा करेंगे। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के विराट संकल्प को साकार करने और बहनों को लखपति दीदी बनाने के लिए हम पूरी तरह से प्रतिबद्व हैं।   

केन्द्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने तिरंगा यात्रा, स्वदेशी मार्च और स्वयं-सहायता समूह की बहनों के साथ रक्षाबंधन कार्यक्रम में बहनों और आमजन को स्वदेशी अपनाने का संकल्प दिलाया। इस दौरान श्री शिवराज सिंह ने कहा कि, हम सभी ये संकल्प लेंगे कि हम जो भी चीज, जिसकी ज़रूरत हमारी ज़िंदगी में है, वो अपने देश में ही बनी खरीदेंगे। या फिर हमारे सेल्फ हेल्प ग्रुप में बनी हुई चीजें ही खरीदें। हम विदेशी नहीं खरीदेंगे ताकि हमारे देश के लोगों को रोज़गार मिले। देश की अर्थव्यवस्था मजबूत हो। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने स्वदेशी अपनाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि मैं, और आप भी अपने घर में जो भी चीज़ आएगी चाहे वो खाने की हो, पहनने की, तेल, साबुन, शैम्पू, कुछ भी चीज़ हो। हम अपने देश में बनी चीज़ ही खरीदेंगे। श्री चौहान ने संकल्प दिलाते हुए कहा कि, मैं कहूँगा आप दोहराना.. मैं संकल्प लेता हूँ कि, अपने जीवन में उपयोग आने वाली वस्तुएँ, अपने देश में बनी ही खरीदूँगा। आस-पास और परिवार और गाँव में सभी को अपने देश में बनी चीज़ें खरीदने के लिए प्रेरित करूँगा।

केन्द्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह ने कहा कि, हमारा मान तिरंगा, हमारी शान तिरंगा, हमारा अभिमान तिरंगा। झण्डा ऊँचा रहे हमारा, विजयी विश्व तिरंगा प्यारा। इसकी शान न जाने पाए, चाहे जान भले ही जाए। ये उद्घोष करते हुए लाखों क्रांतिकारी हँसते-हँसते शहीद हो गए। अंग्रेजों ने ये आजादी चाँदी की तस्तरी में रखकर भेंट नहीं की है। हजारों क्रांतिकारी साथी हँसते-हँसते फाँसी के फंदों पर झूल गए थे। उनके एक हाथ में गीता होती थी, और "भारत माता की जय" के उद्घोष करते थे साथ ही प्रार्थना करते थे कि जीवन और मरण दोबारा इसी धरती पर हो।

केन्द्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह ने कहा कि सिंधु जल समझौता अब मुद्दा नहीं है, मुद्दा है पाक ऑक्युपाइड कश्मीर, वो हमारा है और हमारा ही होगा। श्री चौहान की तिंरगा यात्रा और स्वदेशी मार्च विदिशा के माधवगंज चौराहे से प्रारंभ होकर रायसेन के महामाया चौक पर समाप्त हुई। इस तिरंगा यात्रा व स्वदेशी मार्च में भारी जनसमूह ने भागीदारी की।

*****

आरसी/केएसआर/एआर


(Release ID: 2156141)
Read this release in: English