अणु ऊर्जा विभाग
संसदीय प्रश्न: वैश्विक परमाणु ऊर्जा साझेदारी केंद्र की भूमिका
प्रविष्टि तिथि:
07 AUG 2025 3:30PM by PIB Delhi
परमाणु ऊर्जा विभाग (डीएई) के तत्वावधान में छठी अनुसंधान एवं विकास इकाई के रूप में वैश्विक परमाणु ऊर्जा साझेदारी केंद्र (जीसीएनईपी) की स्थापना की गई है। जीसीएनईपी, अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) सहित अन्य देशों और एजेंसियों के साथ क्षमता निर्माण और सहयोग में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
वैश्विक परमाणु ऊर्जा साझेदारी केंद्र का प्रमुख क्षेत्र, सुरक्षित, संरक्षित और टिकाऊ परमाणु ऊर्जा को बढ़ावा देने के व्यापक उद्देश्य से मानव संसाधन विकास पर केंद्रित निरंतर कार्यक्रमों/बैठकों के माध्यम से भागीदार देशों/एजेंसियों के साथ सक्रिय जुड़ाव है। वर्तमान में, जीसीएनईपी ने आईएईए सहित 17 अंतर्राष्ट्रीय एजेंसियों/देशों के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इसके अंतर्गत जीसीएनईपी वर्ष 2017 से कई ऑन-कैंपस अंतर्राष्ट्रीय कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। अब तक राष्ट्रीय कार्यक्रमों सहित 100 से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं।
यह जानकारी आज राज्य सभा में एक लिखित उत्तर में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री, कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन राज्य मंत्री, परमाणु ऊर्जा विभाग और अंतरिक्ष विभाग डॉ. जितेंद्र सिंह ने दी।
***
पीके/केसी/जेके/एसके
(रिलीज़ आईडी: 2153615)
आगंतुक पटल : 46