अंतरिक्ष विभाग
azadi ka amrit mahotsav

संसदीय प्रश्नः बिहार में तारामंडल या अंतरिक्ष विज्ञान केंद्र

Posted On: 06 AUG 2025 4:42PM by PIB Delhi

अभी तक, बिहार में आधुनिक तारामंडल/अंतरिक्ष विज्ञान केंद्र स्थापित करने का कोई प्रस्ताव नहीं है। हालांकि, यदि संबंधित हितधारकों से ऐसे प्रस्ताव प्राप्त होते हैं तो विभाग सकारात्मक रूप से कार्य करेगा। साथ ही बिहार में आधुनिक तारामंडल की स्थापना के लिए ऐसी पहलों का समर्थन करेगा।

हाल ही में, भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने बिहार सहित विभिन्न राज्यों में अंतरिक्ष विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में छात्रों को प्रेरित और प्रशिक्षित करने तथा बिहार राज्य में विज्ञान एवं अंतरिक्ष संबंधी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कई शैक्षिक आउटरीच कार्यक्रम शुरू किए हैं। उल्लेखनीय पहलों में युविका, स्पेस ट्यूटर्स और स्पेस ऑन व्हील्स शामिल हैं। इसरो अपने अभिनव "स्पेस ऑन व्हील्स" आउटरीच कार्यक्रम के माध्यम से युवा प्रतिभाओं को प्रेरित कर रहा है और अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति उनकी जिज्ञासा को बढ़ावा दे रहा है। यह मोबाइल प्रदर्शनी पहल अंतरिक्ष अन्वेषण के चमत्कारों को सीधे भारत भर के छात्रों और समुदायों तक पहुंचाती है, जिससे दूर-दराज के इलाकों में भी विज्ञान की पहुंच सुलभ हो जाती है। तेलंगाना, झारखंड और बिहार जैसे राज्यों में हाल के कार्यक्रमों ने इंटरैक्टिव प्रदर्शनियों और शैक्षिक सामग्री के माध्यम से जनता को जोड़ने की इसरो की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया है।

हाल ही में, झारखंड और बिहार में स्पेस ऑन व्हील्स कार्यक्रम ने 20 विभिन्न स्थानों पर गांवों, कस्बों और शैक्षणिक संस्थानों को कवर करते हुए 30,000 व्यक्तियों तक अपनी पहुंच बनाई, जिससे यह सुनिश्चित हुआ कि अंतरिक्ष अन्वेषण का रोमांच भौगोलिक बाधाओं से परे है।

यह जानकारी आज लोकसभा में केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री, कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन राज्य मंत्री, परमाणु ऊर्जा विभाग और अंतरिक्ष विभाग राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने एक लिखित उत्तर में दी।

***

पीके/केसी/एसके/डीए


(Release ID: 2153251)
Read this release in: English , Urdu