प्रविष्टि तिथि:
04 AUG 2025 5:09PM by PIB Delhi
पर्यटन मंत्रालय ने देश में विषयगत पर्यटन सर्किट विकसित करने के उद्देश्य से 2014-15 में स्वदेश दर्शन योजना (एसडीएस) शुरू की थी। मंत्रालय ने इस योजना की विस्तृत समीक्षा की और सुधार के लिए निम्नलिखित क्षेत्रों की पहचान की:
- केंद्रीय मंजूरी और निगरानी समिति का व्यापक आधार
- योजना के लिए राज्य स्तरीय संस्थागत संरचना
- रणनीतिक रूप से गंतव्यों का चयन
- गंतव्य का विस्तृत बेंचमार्किंग और अंतर विश्लेषण
- कठोर और नरम दोनों हस्तक्षेपों पर ध्यान
- परियोजना कार्यान्वयन और निगरानी के लिए सुदृढ़ीकरण
- सतत आधार पर संचालन और रखरखाव
- गंतव्यों का प्रचार और विपणन
- प्रभाव आकलन
स्वदेश दर्शन योजना को स्वदेश दर्शन 2.0 (एसडी2.0) के रूप में पुनर्जीवित किया गया। इसका उद्देश्य पर्यटक और गंतव्य केंद्रित दृष्टिकोण के साथ स्थायी पर्यटन स्थलों का विकास करना है।
भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक ने स्वदेश दर्शन योजना के निष्पादन लेखापरीक्षा पर अपनी रिपोर्ट (2023 की रिपोर्ट संख्या 17) प्रस्तुत कर दी है। रिपोर्ट को विभिन्न अध्यायों में विभाजित किया गया है, जिनमें योजना का निर्माण, वित्तीय प्रबंधन, योजना का कार्यान्वयन, निगरानी और प्रभाव आकलन आदि शामिल हैं। कमियों को दूर करने के लिए, पर्यटन मंत्रालय ने राज्य परिप्रेक्ष्य योजनाओं का निर्माण, विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के लिए टेम्पलेट, गंतव्य-केंद्रित दृष्टिकोण अपनाना, परियोजना प्रस्तावों को ऑनलाइन प्रस्तुत करना, विभिन्न स्तरों पर स्वीकृत परियोजनाओं की नियमित समीक्षा, परियोजनाओं के संचालन और प्रबंधन पर ज़ोर, ट्रेजरी एकल खाता (टीएसए) मॉडल के माध्यम से धन प्रवाह आदि सहित कई कदम उठाए हैं।
पर्यटन मंत्रालय ने स्वदेश दर्शन के अंतर्गत 76 परियोजनाओं, स्वदेश दर्शन 2.0 के अंतर्गत 52 परियोजनाओं और स्वदेश दर्शन परियोजनाओं की एक उप-योजना, चुनौती आधारित गंतव्य विकास (सीबीडीडी) के अंतर्गत 36 परियोजनाओं को मंजूरी दी है और इन परियोजनाओं का विवरण संलग्न है।
स्वदेश दर्शन योजना का उद्देश्य पर्यटन स्थलों पर पर्यटन सुविधाओं का विकास और पर्यटन अनुभवों को समग्र रूप से बेहतर बनाना है। स्वदेश दर्शन योजना के प्रत्यक्ष परिणाम के रूप में पर्यटकों की आमद को मापने के लिए कोई विशिष्ट अध्ययन नहीं किया गया है। हालांकि, पिछले तीन वर्षों में देश में अंतर्राष्ट्रीय पर्यटकों के आगमन और घरेलू पर्यटकों की यात्राओं का विवरण इस प्रकार है:
|
वर्ष
|
घरेलू पर्यटकों का दौरा
(लाखों में)
|
अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन आगमन
(लाखों में)
|
|
2022
|
1731.01
|
6.44
|
|
2023
|
2510.71
|
9.51
|
|
2024
|
2947.63
|
9.95
|
केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने आज लोकसभा में एक लिखित उत्तर में यह जानकारी दी।
अनुलग्नक देखने के लिए यहां क्लिक करें।
***
पीके/एके/केसी/केके/केके