कृषि एवं किसान कल्‍याण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

ई-नाम प्लेटफॉर्म पर एफपीओ, किसानों और व्यापारियों का पंजीकरण

Posted On: 25 JUL 2025 6:29PM by PIB Delhi

30 जून 2025 तक, 1522 मंडियों को राष्ट्रीय कृषि बाजार (ई-नाम) पोर्टल के साथ एकीकृत किया जा चुका है।

30 जून 2025 तक, कुल 1,79,41,613 किसान, 2,67,719 व्यापारी और 4,518 किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) ई-नाम प्लेटफॉर्म पर पंजीकृत हैं। आज तक ई-नाम पोर्टल पर कारोबार की गई कृषि उपज का कुल मूल्य 4,39,941 करोड़ रुपए है।

ई-नाम किसानों को बिचौलियों के बिना, सीधे खरीदारों को अपनी उपज बेचने में सक्षम बनाता है, जिससे बेहतर मूल्य निर्धारण और अधिक पारदर्शिता सुनिश्चित होती है। यह प्लेटफ़ॉर्म व्यापक बाज़ारों, वास्तविक समय मूल्य निर्धारण जानकारी और ई-भुगतान प्रणालियों तक पहुँच प्रदान करता है, जिससे किसानों को समय पर भुगतान प्राप्त होता है। गुणवत्तापूर्ण ग्रेडिंग और प्रतिस्पर्धी बोली की सुविधा प्रदान करके, ई-नाम किसानों को सजग निर्णय लेने और अपने लाभ को अधिकतम करने में सक्षम बनाता है।

राज्यों/ संघ राज्य क्षेत्रों (यूटी) से प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर, मंडियों को मंजूरी दी गई और उन्हें ई-नाम प्लेटफॉर्म के साथ एकीकृत किया गया। 30 जून 2025 तक, 1522 मंडियों को ई-नाम प्लेटफॉर्म के साथ एकीकृत किया गया है।

ई-नाम प्लेटफॉर्म विभिन्न राज्यों और संघ राज्य क्षेत्रों के थोक विनियमित बाजारों को एकल ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म में एकीकृत करता है। यह एकसमान गुणवत्ता मानकों और सामंजस्यपूर्ण व्यापार पद्धतियों को बढ़ावा देता है। यह प्लेटफॉर्म पारदर्शिता और निष्पक्ष व्यापार सुनिश्चित करता है तथा किसानों के लिए बाजार पहुँच बढ़ाता है और कुशल लॉजिस्टिक्स और डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देता है।

यह जानकारी कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री श्री रामनाथ ठाकुर ने आज राज्यसभा में एक लिखित उत्तर में दी।

***

एमजी/एके/केसी/डीवी


(Release ID: 2148638)
Read this release in: English , Urdu