प्रधानमंत्री कार्यालय
'ऑर्डर ऑफ द रिपब्लिक ऑफ त्रिनिदाद एंड टोबैगो' सम्मान प्रदान किए जाने के अवसर पर प्रधानमंत्री का स्वीकृति भाषण
Posted On:
04 JUL 2025 9:22PM by PIB Delhi
नमस्कार,
Good morning to everybody,
राष्ट्रपति क्रिस्टीन कंगालू जी,
प्रधानमंत्री कमला प्रसाद-बिसेसर जी,
विशिष्ट अतिथिगण,
सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान, the ‘Order of the Republic of Trinidad & Tobago’ से सम्मानित किए जाने पर मैं आपका, आपकी सरकार का और आपके लोगों का हृदय से बहुत बहुत आभार व्यक्त करता हूँ।
यह सम्मान हमारे दोनों देशों की शाश्वत और गहन मित्रता का प्रतीक है। मैं इस सम्मान को 140 करोड़ भारतवासियों की ओर से एक साझा गौरव के रूप में स्वीकार करता हूँ।
Friends,
इस सम्मान का पहली बार किसी foreign लीडर को दिया जाना हमारे विशेष संबंधों की गहराई को दर्शाता है। यह संबंध हमारे साझा इतिहास और सांस्कृतिक धरोहर पर आधारित हैं।
एक सौ अस्सी साल पहले भारत से जो लोग यहाँ आए थे, उन्होंने हमारी मित्रता की नींव रखी थी। भले ही उनके हाथ खाली थे, किन्तु उनके मन भारतीय सभ्यता, संस्कृति और विविधता से समृद्ध थे। उन्होंने आपसी सौहार्द और सद्भाव के जो बीज बोए थे, वे आज त्रिनिदाद और टोबैगो की प्रगति और समृद्धि के रूप में साकार हो रहे हैं।
यह बहुत गर्व का विषय है कि भारतीय समुदाय द्वारा हमारी साझी परंपरा, संस्कृति और रीति-रिवाजों को आज भी संजो कर रखा गया है। राष्ट्रपति कंगालू जी और प्रधानमंत्री कमला जी इस समुदाय की सबसे बड़ी Brand Ambassadors हैं। दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक मेल-जोल कदम कदम पर दिखाई देता है।
Friends,
राष्ट्रपति कंगालू जी के पूर्वज, संत तिरुवल्लुवर जी की धरती, तमिलनाडु से थे। हज़ारों वर्ष पहले संत तिरुवल्लुवर ने कहा था-
पडई कुडी कूळ् अमईच्चु नट्परन् आरुम्
उडैयान् अरसरुळ् एरु
यानि मजबूत देशों के पास छह चीज़ें होनी चाहिए। एक वीर सेना, देशभक्त नागरिक, संसाधन, अच्छे जनप्रतिनिधि, मजबूत डिफेंस... और ऐसे मित्र देश जो हमेशा साथ खड़े रहें। त्रिनिदाद और टोबैगो, भारत के लिए वैसा ही मित्र देश है।
हमारे संबंधों में क्रिकेट का रोमांच भी है, और त्रिनिदाद pepper का तड़का भी है। जब "कैलिप्सो” की धुन, तबले की ताल से मिलती हैं, तब हमारे संबंध और भी मधुर हो उठते हैं। दो संस्कृतियों के बीच गहरा सद्भाव, हमारे संबंधों की बहुत बड़ी ताकत है।
Friends,
मैं इस सम्मान को हमारे संबंधो के लिए एक जिम्मेदारी के रूप में भी देखता हूँ। एक करीबी और विश्वसनीय पार्टनर के रूप में, हम त्रिनिदाद और टोबैगो के लोगों की skill development और capacity building पर बल देते रहे हैं। भारत के लिए त्रिनिदाद और टोबैगो, कैरी-कॉम ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व में महत्वपूर्ण पार्टनर है।
हमारा सहयोग पूरे ग्लोबल साउथ के लिए महत्वपूर्ण है। दो vibrant democracies के रूप में हम मिलकर दोनों देशों के लोगों के साथ-साथ पूरी मानवता की भलाई के लिए काम करते रहेंगे।
Excellency,
एक बार फिर, इस सम्मान के लिए, मैं 140 करोड़ भारतवासियों की ओर से, बहुत-बहुत आभार व्यक्त करता हूँ। यह सम्मान हमें हर क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ हासिल करने के लिए प्रेरित करता रहेगा।
आप सबका बहुत बहुत धन्यवाद।
****
MJPS/ST
(Release ID: 2142370)