लोकसभा सचिवालय
लोकतंत्र हमारे राष्ट्र का सुदृढ़ आधार है, जब जब लोकतंत्र को कुचलने का प्रयास हुआ, भारत की जनता ने उसका दृढ़ प्रतिकार किया: लोक सभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला
लोक सभा अध्यक्ष ने आपातकाल के लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान और अभिनंदन किया
संविधान हमारे राष्ट्रीय चरित्र का प्रतिबिंब है, संविधान की प्रस्तावना भारत के नव निर्माण की चेतना है: लोक सभा अध्यक्ष
लोक सभा अध्यक्ष ने मुरादाबाद में ‘संविधान साहित्य वाटिका’ का लोकार्पण किया
प्रविष्टि तिथि:
26 JUN 2025 10:00AM by PIB Delhi
नई दिल्ली, 26 जून 2025: लोक सभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला ने बुधवार को मुरादाबाद में ‘संविधान साहित्य वाटिका’ का लोकार्पण और डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि भारत लोकतंत्र की जननी है और लोकतंत्र हमारे राष्ट्र का सुदृढ़ आधार है। श्री बिरला ने कहा, जब जब लोकतंत्र को कुचलने का प्रयास हुआ, भारत की जनता ने उसका दृढ़ प्रतिकार किया । इस अवसर पर आपातकाल के लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान और अभिनंदन किया।
संविधान साहित्य वाटिका के लोकार्पण को लोकतंत्र, संविधान और भारतीय संस्कृति के मूल्यों को जन-जन तक पहुँचाने का प्रेरक प्रयास बताते हुए लोक सभा अध्यक्ष ने इस पार्क को राष्ट्र निर्माण की चेतना को सशक्त करने वाला स्थल कहा।
श्री बिरला ने आगे कहा कि यह संविधान पार्क लोकतांत्रिक मूल्यों का जीवंत उदाहरण है और युवाओं को यहाँ से कर्तव्य बोध और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा मिलेगी। इन्होंने कहा, यहाँ भारत की लोकतांत्रिक यात्रा, संविधान की प्रस्तावना और विविधता में एकता की झलक मिलेगी। उन्होंने कहा कि संविधान की प्रस्तावना भारत के नव निर्माण की चेतना है और यहाँ भारत के लोकतांत्रिक विकास की यात्रा का सुंदर प्रतिबिंब मिलेगा।
उन्होंने कहा कि संविधान हमारे राष्ट्रीय चरित्र का प्रतिबिंब है। भारत के लोग लोकतंत्र को सिर्फ मानते नहीं, बल्कि जीते हैं। श्री बिरला ने कहा, राष्ट्र की विविधता हमारी ताकत है, और संविधान ने इस विविधता को एक माला में पिरोकर संगठित किया है।
उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया का नेतृत्व कर रहा है, आतंकवाद पर सख्त रुख और योग दिवस जैसी वैश्विक पहलें भारत की शक्ति और सांस्कृतिक नेतृत्व का प्रमाण हैं।
मुरादाबाद नगर निगम द्वारा निर्मित इस ‘संविधान साहित्य वाटिका’ में वेदों से लेकर आधुनिक भारत तक की लोकतांत्रिक परंपरा को जीवंत रूप में दर्शाया गया है। लोकसभा अध्यक्ष ने मुरादाबाद नगर निगम के सफाई मित्रों का भी अभिनंदन किया और कहा कि स्वच्छता में समर्पित प्रत्येक कर्म योगी लोकतंत्र का सच्चा स्तंभ है।
इससे पूर्व श्री बिरला ने मुरादाबाद में आयोजित ‘एक्सपोर्टर्स मीट 2025’ में हिस्सा लिया और स्थानीय व्यापारियों, उद्यमियों एवं हस्तशिल्पियों से संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने हस्तशिल्प निर्यात में मुरादाबाद की 40% भागीदारी की सराहना करते हुए इसे ‘मेक इन इंडिया’ और ‘डिज़ाइन इन इंडिया’ का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि मुरादाबाद का कारीगरी इकोसिस्टम नवाचार और आत्मनिर्भर भारत की झलक प्रस्तुत करता है।
***
AM
(रिलीज़ आईडी: 2140256)
आगंतुक पटल : 25
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें:
English