सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्‍वयन मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

रेलवे योजना और यात्री सेवाओं को सशक्त बनाएगा एनएसओ का यात्रा सर्वेक्षण : मण्डल रेल प्रबंधक दयानन्द

प्रविष्टि तिथि: 23 JUN 2025 5:41PM by PIB Raipur

 “राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (NSO) द्वारा प्रारंभ किया गया राष्ट्रीय घरेलू यात्रा सर्वेक्षण (NHTS) भारतीय रेलवे के लिए एक मील का पत्थर सिद्ध होगा। इससे न केवल देश की यात्रा प्रवृत्तियों की समझ गहराई जाएगी, बल्कि रेलवे को अपनी योजनाओं, आधारभूत ढांचे और यात्रियों की सुविधाओं के उन्नयन में भी उल्लेखनीय मदद मिलेगी।” यह कहना था मण्डल रेल प्रबंधक, रायपुर श्री दयानन्द का, जो आज एनएसओ द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय प्रशिक्षण सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।
यह प्रशिक्षण सम्मेलन 23 जून से 25 जून 2025 तक न्यू सर्किट हाउस, रायपुर के सभागार में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें छत्तीसगढ़ राज्य के विभिन्न क्षेत्रीय सांख्यिकी कार्यालयों के अधिकारी एवं कर्मचारी भाग ले रहे हैं। इसका आयोजन दो प्रमुख सर्वेक्षणों — राष्ट्रीय घरेलू यात्रा सर्वेक्षण (NHTS) और घरेलू पर्यटन व्यय सर्वेक्षण (DTES) — की तैयारी हेतु किया गया है, जो राष्ट्रीय प्रतिदर्श सर्वेक्षण के 80वें दौर के अंतर्गत 1 जुलाई 2025 से 30 जून 2026 तक आयोजित किए जाएंगे।


श्री दयानन्द ने अपने उद्बोधन में राष्ट्रीय प्रतिदर्श सर्वेक्षण की 75 वर्षों की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विश्वसनीय आंकड़ों पर आधारित नीतियाँ ही वास्तव में विकास का मार्ग प्रशस्त करती हैं। उन्होंने बताया कि यह सर्वेक्षण भारतीय रेल मंत्रालय की मांग पर किया जा रहा है और इससे यात्री व्यवहार की गहन समझ प्राप्त होगी, जिससे रेलवे को संचालन, सेवा और नीति निर्माण में वास्तविक जरूरतों के अनुरूप निर्णय लेने में सहायता मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस सर्वेक्षण से मिलने वाला डेटा भविष्य की परिवहन नीतियों और रेल सेवाओं के विकास में एक ठोस आधार बनेगा।
इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे श्री अल्ताफ हुसैन हाजी, उपमहानिदेशक, राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय, रायपुर ने 75 वर्षों की यात्रा में एनएसएस द्वारा नीति निर्माण को दिए गए योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने जानकारी दी कि इन दोनों सर्वेक्षणों का डेटा संग्रह Computer Assisted Personal Interviewing (CAPI) पद्धति के माध्यम से किया जाएगा, जिससे आंकड़ों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित होगी। यह डेटा वार्षिक राष्ट्रीय रिपोर्ट, राज्य स्तरीय निष्कर्षों एवं नीतिगत अनुसंधान में सहायक सिद्ध होगा।

 


दीप प्रज्वलन के साथ उद्घाटन समारोह की शुरुआत की गई, जिसमें मंच पर उपस्थित प्रमुख अधिकारियों — श्री एन. बुलीवाल, संचालक, आर्थिक एवं सांख्यिकी संचालनालय, छत्तीसगढ़ शासन; श्री दिनेश तिवारी, उपसंचालक; श्री ऋषभ सिंह श्याम, सहायक निदेशक, एनएसओ, बिलासपुर; एवं श्री आर. के. श्रीवास्तव, वरिष्ठ सांख्यिकी अधिकारी, एनएसओ, रायपुर — की गरिमामयी उपस्थिति रही।
राष्ट्रीय घरेलू यात्रा सर्वेक्षण (NHTS) का उद्देश्य है देश के नागरिकों की रोज़मर्रा की यात्रा की प्रवृत्तियों को समझना — जैसे यात्रा का उद्देश्य, गंतव्य, अवधि, और यात्रा के साधन आदि। वहीं, घरेलू पर्यटन व्यय सर्वेक्षण (DTES) के माध्यम से परिवारों द्वारा की गई ओवरनाइट घरेलू यात्राओं पर होने वाले व्ययों का आकलन किया जाएगा, जिनमें होटल, परिवहन, भोजन और मनोरंजन जैसी मदें शामिल होंगी। ये आंकड़े भारत के Tourism Satellite Account (TSA) को तैयार करने में सहयोग देंगे, जो राष्ट्रीय आय में पर्यटन के योगदान को मापता है।


कार्यक्रम के अंत में श्री आर. के. श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और आयोजकों को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए उद्घाटन सत्र के समापन की घोषणा की।


(रिलीज़ आईडी: 2138951) आगंतुक पटल : 22
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English