कृषि एवं किसान कल्‍याण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान कल दिल्ली के किसानों से मिलेंगे

प्रविष्टि तिथि: 10 JUN 2025 5:41PM by PIB Delhi

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहानविकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत कल बुधवार दिनांक 11 जून 2025 को किसानों से संवाद करेंगे। इस कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र, उजवा और भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, पूसा की भागीदारी रहेगी।

केंद्रीय कृषि मंत्री दोपहर में तिगिपुर, बख्तावरपुर, उत्तरी दिल्ली में किसानों से बातचीत करेंगे। किसान चौपाल के माध्यम से किसानों से संवाद होगा। उसके बाद केंद्रीय कृषि मंत्री कृषि ड्रोन के माध्यम से खेती में तकनीक के प्रयोग का अवकोलन करेंगे। तत्पश्चात पदयात्रा करते हुए किसानों से मिलेंगे और अंत में पौधारोपण के बाद मुख्य कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य किसानों को कृषि की नवीनतम तकनीकों, अनुसंधान और सरकारी योजनाओं की उचित जानकारी पहुंचना है।

इस 15 दिवसीय महाभियान की शुरुआत 29 मई को ओडिशा से की गई थी। इस देशव्यापी अभियान के तहत श्री शिवराज सिंह चौहान ने अब-तक ओडिशा के बाद, जम्मू, हरियाणा, उत्तर-प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, उत्तराखंड, पंजाब, मध्य प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना में किसानों से संवाद किया है। इसी कड़ी में कल दिल्ली के किसान भाइयों-बहनों से मिलकर उनकी व्यावहारिक समस्याओं पर चर्चा करेंगे।

खरीफ फसल में उत्पादन बढ़ाने के लक्ष्य के साथ 16 हजार वैज्ञानिकों की 2,170 टीमें गांव-गांव जाकर किसानों से दो-तरफा संवाद कर रही है। एक तरफ उन्हें क्षेत्र विशेष की आवश्यकतानुसार, जलवायु परिस्थितियों, मिट्टी की उर्वरक क्षमतानुसार व अन्य कारकों को ध्यान में रखते हुए उन्नत कृषि के लिए शोध की जानकारी दी जा रही है। वहीं दूसरी ओर किसानों की व्यावहारिक समस्याओं व जरूरतों को भी सुनने और उनका समाधान निकालने के प्रयास हो रहे हैं ताकि भविष्य के कृषि शोध की दिशा और नीतियां तय की जा सकें।

*****

पीएसएफ/केएसआर/एआर


(रिलीज़ आईडी: 2135418) आगंतुक पटल : 48
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English