सूचना और प्रसारण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

भारत में सामुदायिक रेडियो के 20 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में कल जयपुर में दो दिवसीय सम्मेलन का होगा शुभारंभ

प्रविष्टि तिथि: 23 OCT 2024 6:04PM by PIB Jaipur

भारत में सामुदायिक रेडियो के 20 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारतीय जन संचार संस्थान (आईआईएमसी), नई दिल्ली के सहयोग से पश्चिम भारत के राज्यों के लिए 24-25 अक्टूबर 2024 को जयपुर में दो दिवसीय सामुदायिक रेडियो सम्मेलन का आयोजन कर रहा है। सम्मेलन की थीम है- भारत में सामुदायिक रेडियो के बीस साल पूरे होने का उत्सव । इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, गुजरात और राजस्थान के सभी सामुदायिक रेडियो स्टेशन के संचालक  (सीआरएस) भाग लेंगे।

इस दो दिवसीय सम्मेलन में सामुदायिक रेडियो स्टेशन से संबंधित मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। सीआरएस नीति में बदलाव, डिजिटलीकरण के युग में सीआरएस की प्रासंगिकता, स्वदेशी भाषाओं के संरक्षण और संवर्धन में सीआरएस की प्रासंगिकता पर सत्र होंगे, साथ ही लिंग केंद्रित प्रोग्रामिंग और सीआरएस में पथ प्रदर्शकों के अनुभव की झलक साझा की जाएगी। सीआरएस सम्मेलन (पश्चिम) का उद्घाटन 24 अक्टूबर, गुरुवार को सुबह 10 बजे किया जाएगा।

क्या हैं सामुदायिक रेडियो स्टेशन (सीआरएस)

सामुदायिक रेडियो छोटे (कम शक्ति वाले) एफएम रेडियो स्टेशन होते हैं जिनका कवरेज क्षेत्र लगभग 10-15 किलोमीटर का दायरा होता है। यह क्षेत्र के भूगोल के आधार पर निर्भर होता है। सीआरएस कृषि संबंधी जानकारी, किसानों के कल्याण के लिए सरकारी योजनाओं, मौसम पूर्वानुमान आदि से संबंधित मुद्दों पर महत्वपूर्ण भूमिका निभाता  है। यही नहीं, सामुदायिक रेडियो समाज के हाशिए पर रहने वाले वर्गों के लिए अपनी चिंताओं को अभिव्यक्त करने का एक शक्तिशाली माध्यम भी है। इसके अलावा, ऐसे स्टेशनों को संरक्षण देने वालों में अक्सर समाज के गरीब और हाशिए पर रहने वाले लोग होते हैं, जिनकी मुख्यधारा की मीडिया तक पहुंच नहीं होती है।

क्षेत्रीय सामुदायिक रेडियो सम्मेलन:

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय (एमआईबी) ने वित्तीय वर्ष 2012-13 में सामुदायिक रेडियो स्टेशनों के लिए क्षेत्रीय सम्मेलन की शुरुआत की थी। यह निर्णय राष्ट्रीय सामुदायिक रेडियो सम्मेलन में सामुदायिक रेडियो स्टेशनों द्वारा व्यक्त इच्छा कि विकास एवं सामाजिक परिवर्तन से संबंधित मुद्दों पर नागरिक समाज की अधिक भागीदारी सुनिश्चित हो सके, के चलते लिया गया था। क्षेत्रीय सम्मेलनों का उद्देश्य सीआरएस को जमीनी स्तर की खबरें, वृतांत, सफलताओं, मुद्दों और अच्छी प्रथाओं को साझा करने के लिए एक मंच प्रदान करना है। क्षेत्रीय सम्मेलन ऑपरेशनल सीआरएस को अपनी चिंताओं को पेश करने और सर्वोत्तम प्रथाओं के बारे में विस्तार से बताने का अवसर भी देता है। क्षेत्रीय सम्मेलनों के दौरान जिन मुद्दों और विचारों पर चर्चा की गई है, उसने सीआरएस क्षेत्र को मजबूत करने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर प्राथमिकता भी तय की हैं।

क्षेत्रीय सीआर सम्मेलन के उद्देश्य:

i) समुदायों के साथ काम करने के अपने अनुभवों का आदान-प्रदान करने के लिए क्षेत्रीय सीआर ऑपरेटरों को एक मंच पर लाना, सामुदायिक रेडियो के सामने आने वाली चुनौतियां और ऐसे नवाचार जिसने उनकी पहल को बनाए रखने में मदद की।

ii) सीआर स्वयंसेवकों को सामुदायिक रेडियो के साथ काम करने के अपने अनुभवों को साझा करने और उन्हें स्वामित्व की भावना प्रदान करने के लिए एक साझा मंच प्रदान करना।

iii) अभ्यासकर्ताओं के बीच बेहतर संपर्क और आपसी जुड़ाव को सुविधाजनक बनाकर अच्छी प्रथाओं को प्रोत्साहित करना।

iv) समकक्ष लोगों का नेटवर्क स्थापित करने के लिए सीआर ऑपरेटरों को सुविधा प्रदान करना।

v) जमीनी स्तर की आवश्यकताओं के बारे में सीआर ऑपरेटरों पर प्रभाव डालना।

vi) लैंगिक संवेदनशीलता और समानता लाने के लिए सीआरएस के संचालन और प्रोग्रामिंग में महिलाओं की भागीदारी को प्रोत्साहित करना।


(रिलीज़ आईडी: 2067396) आगंतुक पटल : 39