इस्‍पात मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

बार एवं राड मिल के ठेका श्रमिकों के परिवार के उत्साहवर्धन एवं जागरूकता हेतु अभिनव पहल – “घर से घर तक”

प्रविष्टि तिथि: 03 OCT 2024 7:09PM by PIB Raipur

भिलाई इस्पात संयंत्र के बार एवं रॉड मिल द्वारा 1 अक्टूबर, 2024 को एक अनूठी एवं अभिनव सुरक्षा पहल “घर से घर तक” कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। बीआरएम अपने कर्मियों की सुरक्षा हेतु अनेक पहल कर रहा है और अपने सभी कर्मचारियों को कार्य के दौरान सुरक्षित तरीके अपनाने के लिए संवाद करने एवं प्रोत्साहित करने के नए तरीके अपना रहा है। इस संदर्भ में बीआरएम ने सुरक्षा पर संवाद के लिए 100 ठेका श्रमिकों को उनके परिवार के सदस्यों के साथ मानव संसाधन विकास केंद्र में आमंत्रित किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं विभागाध्यक्ष मुख्य महाप्रबंधक (बीआरएम) श्री योगेश शास्त्री ने अपने सारगर्भित उद्बोधन में इस्पात उद्योग में कार्य की प्रकृति और सुरक्षा के महत्व के बारे मे प्रकाश डाला। उन्होंने इस्पात कर्मी के जीवन को सुरक्षित, निश्चिंत एवं सहज बनाने में उनके जीवनसाथी की प्रेरणादायी साथ एवं सहभागिता की भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा सामान्य ज्ञान का विषय है और कार्यस्थल पर पूरी तरह से सतर्क और सचेत रहना चाहिए, ताकि ऐसी गतिविधियों से बचा जा सके जो सुरक्षा के लिए खतरा पैदा कर सकती है। अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने कहा कि कटिंग सेट में एनआरवी का उपयोग न करना, वेल्डिंग मशीनों में ईएलसीबी, पीपीई का सही तरीके से उपयोग न करना, लोड ले जाने वाली ईओटी क्रेन के नीचे चलना जैसी सामान्य गलतियाँ कुछ ऐसे उदाहरण हैं, जिनमें लापरवाही के कारण दुर्घटनाएँ हुई हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें बीआरएम के बृहद परिवार से मिलने की प्रसन्नता है और पूरी आशा है की अगर हम मिलकर काम करेंगे तो कोई दुर्घटना नहीं होगी। उन्होंने कहा कि यह पहला सत्र है और इसमें भागीदारी बहुत उत्साहजनक रही तथा सभी ठेका श्रमिकों को इसमें शामिल किए जाने तक ऐसे और सत्र आयोजित किए जाएंगे।

महाप्रबंधक (संचालन) श्री सच्चिदानंद त्रिपाठी, महाप्रबंधक (विद्युत) श्री आशीष और महाप्रबंधक (यांत्रिक) श्री शिखर तिवारी ने भी सत्र को संबोधित किया और घर और कार्यस्थल पर तथा बीच के आने जाने के दौरान सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला।

“घर से घर तक” सत्र का उद्देश्य ठेका श्रमिकों को कार्यस्थल पर जोखिमों और खतरों के प्रति संवेदनशील बनाना है। बार एवं रॉड मिल के डीएसओ श्री शकील अहमद ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि इस कार्यक्रम का मूल उद्देश्य बीआरएम में दिन-प्रतिदिन के काम में सुरक्षा के महत्व पर जोर देना और परिवारों को सुरक्षा उत्कृष्टता की यात्रा में शामिल करना है।

बातचीत के दौरान संविदा कर्मचारियों ने आत्मविश्वास, खुलेपान और स्पष्टता से अपनी बात रखी। सत्र की अध्यक्षता करते हुए श्री योगेश शास्त्री ने, सुरक्षित रूप से काम करने के लिए आवश्यक मदद प्रदान करने का आश्वासन दिया और बदले में यह उम्मीद जाहिर की कि लोग खतरों को स्वीकार करेंगे और सुधारात्मक कार्रवाई करेंगे।

अग्निशमन अधिकारी दिनेश भट्ट ने भी सभा को संबोधित किया और उपस्थित कर्मचारियों को घर में आग से सुरक्षा के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विस्तार से बताया कि घर में गैस सिलेंडर की जांच कैसे की जानी चाहिए और आग लगने की स्थिति में क्या करना चाहिए। श्री भट्ट और अग्निशमन सेवाओं की उनकी टीम ने सभा को विभिन्न प्रकार के अग्निशामक यंत्रों के बारे में बताया। साथ ही महिलाओं और बच्चों को शामिल करते हुए उनके उपयोग का लाइव प्रदर्शन भी करके दिखाया।

बीआरएम से सुश्री सीमा, सुश्री कविता और श्री मनोज कुमार ने एक सुरक्षा प्रश्नोत्तरी आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों को दिखाए गए फोटोग्राफ में असुरक्षित स्थितियों और कृत्यों की पहचान करने के लिए कहा गया। ये तस्वीरें बीआरएम में “सी राउंड” के दौरान ली गई थीं। प्रश्नोत्तरी के दौरान प्रतिक्रियाओं से संकेत लेते हुए उन्होंने कहा कि जब बच्चे और गृहिणियां यह पहचान सकती हैं कि क्या असुरक्षित है, तो हम सभी निश्चित रूप से पहचान सकते हैं। डीएसओ (बीआरएम) श्री शकील अहमद ने सुरक्षा उल्लंघनों के बारे में और उनसे कैसे निपटा जाये इसके बारे में विस्तार से बताया।

कार्यक्रम के दौरान श्रीमती मित्रा, सुश्री पल्लवी, सुश्री विद्या जोशी, श्री आराध्य, सुश्री भूमिका जंघेल, श्री खिलावन, श्री मनोज, सुश्री तीजन, सुश्री भारती आदि को सुरक्षा प्रश्नोत्तरी में भाग लेने के लिए आकर्षक पुरस्कार दिए गए।

बीआरएम के वरिष्ठ प्रबंधक श्री सुनील कुमार सोनी ने कार्यक्रम का संचालन किया और धन्यवाद ज्ञापन दिया। जिसके बाद रात्रि भोज का आयोजन किया गया। श्री सोनी ने उपस्थित सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा मार्गदर्शन और सहयोग के लिए कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) श्री अंजनी कुमार तथा अग्निशमन सेवा विभाग, कैंटीन सेवाओं और एचआरडीसी को उनके सहयोग के लिए हार्दिक धन्यवाद दिया।

-----------


(रिलीज़ आईडी: 2061626) आगंतुक पटल : 6
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English