सूचना और प्रसारण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केंद्रीय संचार ब्यूरो, अजमेर द्वारा ग्राम बूबानी में बालश्रम निषेध दिवस का आयोजन

प्रविष्टि तिथि: 12 JUN 2024 5:12PM by PIB Jaipur

केंद्रीय संचार ब्यूरो, अजमेर की ओर से आज ग्राम बूबानी में विश्व बालश्रम निषेध दिवस के अवसर पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जय माता दी ईंट भट्टा परिसर में सेंटर फॉर लेबर रिसर्च एंड एक्शन, अजमेर के सहयोग से ईंट भट्टे पर काम करने वाले श्रमिकों को बालश्रम के विषय में जागरूक करने के लिए इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। 

इस अवसर पर उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए जिला समन्वयक श्री अभिषेक ने कहा कि शिक्षा हर बच्चे का अधिकार है। उन्हें शिक्षित करने की जगह उनसे काम कराना न केवल बच्चों के स्वाभाविक शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास को बाधित करना है बल्कि यह कानूनन भी अपराध है। इस दौरान बच्चों का जिस तरह से शोषण होता है, उसका नकारात्मक असर उनके पूरे जीवन पर पढ़ता है।

कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त करते हुए क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी पराग मांदले ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय श्रम संगठन द्वारा वर्ष 2002 से दुनिया भर में 12 जून को विश्व बालश्रम निषेध दिवस का आयोजन किया जाता है। भारत में वर्ष 1986 में बालश्रम निषेध व नियमन अधिनियम पारित किया गया था। उन्होंने कहा कि प्रवासी मजदूरों को अपने पढ़ने वाले बच्चों को अपने साथ मजदूरी की जगह लाने की जगह जवाहर नवोदय विद्यालय तथा आश्रमशाला जैसे निवासी स्कूलों में दाखिल कराना चाहिए ताकि उनकी पढ़ाई का नुकसान न हो और भविष्य में वे भी अपने माता-पिता की तरह दिहाड़ी मजदूर बनने के बजाय अपने जीवन को एक बेहतर दिशा दे सकें।

इस अवसर पर बच्चों की पढ़ाई के महत्व को दर्शाने वाली एक नाटिका की प्रस्तुति भी की गई। इसके अलावा उपस्थित महिलाओं के लिए मनोरजंक प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। विजेता प्रतिभागियों को विभाग की ओर से पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर श्री भारत भार्गव, बालवाड़ी केंद्र की प्रभारी श्रीमती सुनिता इत्यादि भी उपस्थित थे। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को बालश्रम के विरोध की शपथ भी दिलाई।

 


(रिलीज़ आईडी: 2024758) आगंतुक पटल : 30