सूक्ष्‍म, लघु एवं मध्‍यम उद्यम मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केंद्रीय राज्य मंत्री ने पूर्वी खासी हिल्स जिले के लैत्कसे गांव में विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम में भाग लिया : इस दौरान सरकार की सेवा भावना पर प्रकाश डाला गया

प्रविष्टि तिथि: 25 NOV 2023 3:29PM by PIB Delhi

केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम राज्य मंत्री श्री भानु प्रताप सिंह वर्मा ने आज इस बात पर प्रकाश डाला कि वर्तमान सरकार के कार्यों में सेवा की भावना है। उन्होंने मेघालय के पूर्वी खासी हिल्स जिले के मावरिंगकनेंग ब्लॉक के लैत्कसे गांव में आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम को संबोधित किया।

मंत्री ने कहा, "हमारे दूरदर्शी प्रधानमंत्री ने वंचितों को अपनी प्राथमिकता में लिया है।" गरीबी और अभाव के अपने व्यक्तिगत अनुभव के कारण उन्हें वंचित लोगों से लगाव है। उन्होंने कहा कि वे सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बन गए हैं और सुविधाएं उनके दरवाजे तक पहुंचाई जाए यह सुनिश्चित करने के प्रयास जारी हैं।

मंत्री ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में इस क्षेत्र में जिस तरह का विकास हुआ है वह अभूतपूर्व है। उन्होंने इस सुधार के लिए सरकार के दृष्टिकोण को श्रेय दिया। मंत्री ने यह भी बताया कि गांवों में स्वच्छता के दायरे को परिपूर्ण करने का लक्ष्य लेकर देश चल रहा है। 2014 के बाद की अन्य उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए मंत्री ने बताया कि पिछले नौ वर्षों में एलपीजी कनेक्शन 50-55 प्रतिशत गांवों से बढ़कर आज लगभग 100 प्रतिशत हो गया है, बच्चों को जीवन रक्षक टीकों के प्रशासन की परिपूर्णता, घरों में नल के पानी के कनेक्शन में कई गुना वृद्धि हुई है।

 

'विकसित भारत संकल्प यात्रा' के पीछे की भावना के बारे में मंत्री ने बताते हुए कहा कि सामाजिक न्याय तभी सुनिश्चित होता है जब सभी सरकारी योजनाओं का लाभ सभी तक समान मात्रा में पहुंचे। मंत्री ने कहा कि इस यात्रा में सरकार मिशन मोड में देश के हर गांव में जाएगी और हर गरीब और वंचित व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभार्थी बनाएगी।

मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि सरकारी योजनाओं की परिपूर्णता में 100 प्रतिशत उपलब्धि होगी और कहा कि वह उस दिन का इंतजार कर रहे हैं जब हर गरीब के पास मुफ्त राशन के लिए राशन कार्ड होगा, उज्ज्वला योजना से गैस कनेक्शन, बिजली की आपूर्ति की जाएगी, घर में नल का पानी कनेक्शन, आयुष्मान कार्ड और पक्का घर होगा। मंत्री ने प्रत्येक किसान और मजदूर को पेंशन योजनाओं से जुड़ने और मुद्रा योजना का लाभ उठाने वाले युवाओं को अपने सपनों को साकार करने के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा भारत के गरीबों, वंचितों, महिलाओं, युवाओं और किसानों के लिए नरेंद्र मोदी की गारंटी है।

 

श्री वर्मा ने पीएम विश्वकर्मा योजना का विशेष रूप से उल्लेख किया और कहा कि नई योजना बताती है कि केंद्र सरकार विकसित भारत की यात्रा में प्रत्येक व्यक्ति की क्षमता का उपयोग करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यह योजना विश्वकर्मा मित्रों को आधुनिक प्रशिक्षण और उपकरण उपलब्ध कराएगी। मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि अमृत काल के चार अमृत स्तंभ यानी भारत की महिला शक्ति, युवा शक्ति, कृषि शक्ति और हमारे गरीबों और मध्यम वर्ग की शक्ति भारत को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे और भारत को एक विकसित भारत बनाएंगे।

मेघालय के पशुपालन और पशु चिकित्सा मंत्री श्री अलेक्जेंडर लालू हेक ने अपने संबोधन के दौरान कहा कि सरकार ने प्रौद्योगिकी की मदद से बिचौलियों से छुटकारा पाने और चोरी को रोकने के लिए प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) को सफलतापूर्वक लागू किया है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए शासन सुधार केवल शासन तक ही सीमित नहीं है बल्कि  उनका एक बड़ा सामाजिक-आर्थिक निहितार्थ भी है। श्री हेक ने कहा कि पशुपालन, पशु चिकित्सा और मत्स्य पालन विभाग के अंतर्गत किसानों के लाभ के लिए मत्स्यपालन मिशन, मुर्गी पालन मिशन और सुअर पालन मिशन जैसी कई योजनाएं और कार्यक्रम हैं। किसान भारी सब्सिडी के साथ विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रम का लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने कहा कि हम ग्रामीण अर्थव्यवस्था के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध हैं।

 

मेरे कहानी मेरी जुबानी के तहत जनभागीदारी कार्यक्रम मे केंद्रीय योजनाओं के लाभार्थियों द्वारा अनुभव साझा करना, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन, जन धन योजना, पीएम किसान सम्मान निधि योजना, ओडीएफ प्लस स्थिति, कृषि क्षेत्र में ड्रोन प्रदर्शन, स्वास्थ्य शिविर आदि अन्य कार्यक्रम आकर्षण के प्रमुख केंद्र थे। ग्रामीण सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के बाद अपने अनुभव साझा करने के लिए आगे आए।

गांव की किसान श्रीमती बफीरा नोंगधर ने कहा कि वह एक निजी स्कूल में शिक्षिका थीं, लेकिन 2008 में उन्होंने नौकरी छोड़ दी। इसके बाद आजीविका के स्रोत के रूप में उन्होंने खेती की ओर रुख किया। उन्हें कृषि विज्ञान केन्द्र से बहुत लाभ हुआ। उन्हें एक सौर जल पंप प्राप्त हुआ और मशरूम की खेती, जैविक खेती और कीट एवं कीट नियंत्रण के बारे में प्रशिक्षण भी मिला। राज्य बीज उत्पादन के लिए वह गांव की नामांकित सदस्य हैं। वह पंजीकृत आलू उत्पादक भी हैं। वर्तमान में कोंग नोंगधर अपने खेत के लिए सौर जल पंप का उपयोग कर रही हैं और सिंचाई के किसी अन्य तरीके का इस्तेमाल नहीं करती हैं।

 

एक अन्य लाभार्थी सुश्री मार्कुन मारबोह ने कहा कि उन्होंने वित्त वर्ष 2021-22 में पीएम आवास प्लस योजना के माध्यम से अपना घर बनाया है। गाइडलाइन के मुताबिक उन्होंने 95 दिन में अपना घर पूरा कर लिया। अपना घर बनाने के लिए उन्हें 1.3 लाख रुपये मिले थे। वह एक जॉब कार्ड धारक हैं और अपना घर बनाने के लिए मनरेगा के माध्यम से उन्हें 26,000 रुपये से अधिक प्राप्त हुआ। उन्हें तीन किस्तों में 1.3 लाख रुपये मिले। पहली किस्त 52,000, दूसरी 58,500 और तीसरी किस्त में 19,500 रुपये मिले। अब उन्हें गर्व है कि वह अपने परिवार के लिए आवश्यक सुविधाओं के साथ एक आशियाना बनाने में सक्षम हुईं। जल जीवन मिशन के माध्यम से उन्हें पाइपलाइन से पानी की सुविधा भी मिलेगी। उन्हें प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से गैस सिलेंडर भी मिला है और अब उनके घर में सभी आवश्यक कनेक्शन होंगे। स्वच्छ भारत मिशन से उन्हें शौचालय भी मुहैया कराया गया है।

 

मिनजुरलांग नामक स्वयं सहायता समूह की सदस्य श्रीमती मिथिल्डा खारुमुइद ने कहा कि उन्हें राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से लाभ मिला है। मिनजुरलांग हल्दी के उत्पादन से जड़ा है। यह समूह हर सप्ताह अपने समूह के खाते में 10-10 रुपये जमा करता है। इस पैसे से हल्दी की गांठ या पपड़ी खरीदे हैं। उन्हें ब्लॉक से 15 हजार रुपये का एकमुश्त अनुदान भी मिला था। यह एसएचजी अन्य महिलाओं को भी इससे जुड़ने के लिए प्रोत्साहित करता है ताकि उन्हें वित्तीय साक्षरता जैसे लाभ मिल सके।

 

मंत्री ने पीएमएवाई-ग्रामीण और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। स्वयं सहायता समूह के सदस्यों द्वारा प्रस्तुत प्राकृतिक खेती, पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य देखभाल पर केंद्रित धरती कहे पुकार विषय पर एक नाटक से अपनी विविधता पेशकर दर्शकों का मनोरंजन किया।

****

एमजी/एएम/आरकेजे


(रिलीज़ आईडी: 1984654) आगंतुक पटल : 152
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu