जनजातीय कार्य मंत्रालय

श्री अर्जुन मुंडा ने आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर झारखंड के खूंटी जिले में योग महोत्सव समारोह का नेतृत्व किया


योग हमें स्वस्थ रखने में मदद करता है और इस संदेश को प्रचारित करने की जरूरत है: श्री अर्जुन मुंडा

Posted On: 21 JUN 2022 4:32PM by PIB Delhi

केन्द्रीय जनजातीय कार्य मंत्री श्री अर्जुन मुंडा ने आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर झारखंड के खूंटी जिले के बिरसा कॉलेज स्टेडियम में योग महोत्सव समारोह का नेतृत्व किया।   

इस कार्यक्रम में उपायुक्त शशि रंजन, पुलिस अधीक्षक अमन कुमार, उप विकास आयुक्त नीतीश कुमार सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी सैयद रियाज अहमद, वन संभागीय अधिकारी कुलदीप मीणा ने भी भाग लिया। इस योगाभ्यास में सभी अधिकारियों के अलावा बड़ी संख्या में स्कूल तथा कॉलेज के छात्रों के साथ-साथ बुजुर्गों एवं आम लोगों ने भाग लिया।

इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए, केन्द्रीय मंत्री श्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि हम आजादी की 75वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। यही वजह है कि खूंटी समेत देश के चुनिंदा 75 शहरों में आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस बड़े धूमधाम से मनाया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस न सिर्फ देश में बल्कि दुनिया के विभिन्न देशों में भी मनाया जा रहा है।

केन्द्रीय मंत्री ने बताया कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘मानवता के लिए योग’ है। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को और अधिक उद्देश्यपूर्ण बनाने के लिए एक थीम निर्धारित की है। उन्होंने यह भी कहा कि योग हमें स्वस्थ रखने में मदद करता है और इस संदेश को प्रचारित करने की जरूरत है।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालयों के अलावा अन्य ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में भी सार्वजनिक योग प्रोटोकॉल का आयोजन किया गया।  

*****

एमजी/एएम/आर/सीएस



(Release ID: 1836042) Visitor Counter : 221


Read this release in: English , Urdu , Punjabi