विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय

दृष्टि बाधित लोगों को पढ़ने की सुविधा हेतु निजी पाठन मशीन ‘दिव्य नयन’ देश भर में ज़रूरत मंद लोगों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण के माध्यम से आसानी से उपलब्ध- डॉ जितेंद्र सिंह

Posted On: 30 JUL 2021 6:02PM by PIB Delhi

केन्द्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री,लोक शिकायत एवं पेंशन, परमाणु ऊर्जा और अन्तरिक्ष मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह ने आज कहा सीएसआईआर-केंद्रीय वैज्ञानिक उपकरण संगठन (सीएसआईओ), चंडीगढ़ द्वारा दृष्टि बाधित लोगों की सुविधा के लिए व्यक्तिगत पाठन मशीन ‘दिव्य नयन’ विकसित की है जिसकी मदद से कोई भी प्रकाशित या डिजिटल दस्तावेज़ को स्पीच आउटपुट के रूप में प्राप्त किया जा सकता है। यह उपकरण दृष्टि बाधित व्यक्तियों और संस्थाओं के लिए दिए गए पंजीकरण और बुकिंग वेब लिंक https://divyanayan.csio.res.in/registration.php पर उपलब्ध है।

लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि संपर्क स्कैनिंग पद्धति पर आधारित यह उपकरण मल्टी कॉलम दस्तावेज़ का विश्लेषण कर सकता है और पढ़ने की निर्बाध सुविधा प्रदान करता है। उपयोगकर्ता जिस दस्तावेज़ को पढ़ना चाहता है उसके ऊपर इस उपकरण को रख सकता है और इसे मैन्युअल रूप से स्कैन कर सकता है। रीडिंग डिवाइस इमेज को टेक्स्ट और टेक्स्ट को स्पीच कन्वर्टर में बदलने के लिए भाषा पर निर्भर ऑप्टिकल कैरेक्टर रिकग्निशन का उपयोग करता है और यह टेक्स्ट को ऑडियो में परिवर्तित करता है। ऑडियो फ़ाइलें मशीन में संग्रहीत की जाती हैं जिन्हें उपयोगकर्ता द्वारा सुना जा सकता है। यह उपकरण हैंडहेल्ड, स्टैंडअलोन, पोर्टेबल, पूरी तरह से वायरलेस और आईओटी (इंटरनेट ऑफ थिंग्स) सक्षम है। वर्तमान में यह उपकरण हिंदी, अंग्रेजी, बंगाली, तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और पंजाबी में उपलब्ध है।इसे जल्द ही अन्य भारतीय और विदेशी भाषाओं के लिए भी अनुकूल बनाया जाएगा है। इसमें यूएसबी, ब्लूटूथ, वाईफाई, लैन, हेडफोन इत्यादि जैसे इंटरफेस हैं। डिवाइस की मुख्य विशेषताएं नीचे दी गई हैं:

प्रमुख फीचर्स:

वायरलेस और पोर्टेबल - स्टैंडअलोन, पूरी तरह से वायरलेस और आई ओ टी सक्षम;

बहुक्रियाशील - मुद्रित, ई-पुस्तकें, ई-समाचार, रिकॉर्डिंग और भाषण पढ़ने में सक्षमता;

बहुभाषी - वर्तमान में हिंदी, अंग्रेजी, बंगाली, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और पंजाबी भाषा के लिए उपलब्ध;

ऑनलाइन प्रसंस्करण - दस्तावेज़ बैच प्रसंस्करण संगठन;

दस्तावेज़ संग्रहण - दस्तावेज़ सिंक कर सकता है;

पृष्ठ अभिविन्यास का पता लगाना और सुधार करना;

मल्टी कॉलम दस्तावेज़ पढ़ने में सक्षम;

रिचार्जेबल लिथियम आयन बैटरी; और

दस्तावेज़ संग्रहण के लिए 32 जीबी की आंतरिक मेमोरी क्षमता

सीएसआईआर द्वारा आम आदमी के उपयोग हेतु विकसित ऐसे ही कुछ अन्य महत्वपूर्ण उपकरण नीचे दिए गए हैं:

कोहनी के नीचे के अपंगतापीड़ित व्यक्तियों के लिए मायोइलेक्ट्रिक हाथ;

घुटने के ऊपर अपंगता से प्रभावित व्यक्तियों के लिए इलेक्ट्रॉनिक घुटने;

स्वचालित व्हीलचेयर के लिए इलेक्ट्रॉनिक नियंत्रण मॉड्यूल; तथा

जन्मजात हेमिपेरेसिस प्रभावित बच्चों के लिए 3डी प्रिंटेड ऑर्थोसिस।

****

एमजी /एएम/ डीटी


(Release ID: 1741002)
Read this release in: English