विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय
राष्ट्रीय विज्ञान दिवस 2020- कर्टन रेज़र
राष्ट्रपति राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर विज्ञान लेखकों और महिला वैज्ञानिकों को पुरस्कृत करेंगे
"विज्ञान में महिलाएं" - राष्ट्रीय विज्ञान दिवस (एनएसडी) 2020 का मुख्य विषय
Posted On:
26 FEB 2020 7:06PM by PIB Delhi
नई दिल्ली के विज्ञान भवन में 28 फरवरी, 2020 को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस (एनएसडी) मनाया जाएगा। ‘विज्ञान में महिलाएं’ इस कार्यक्रम का मूल विषय है। राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद विज्ञान लेखक तथा प्रचार के साथ-साथ महिला वैज्ञानिकों के लिए कई पुरस्कार प्रदान करेंगे।
कुल 21 पुरस्कार दिए जाएंगे, जिसमें राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा संचार पुरस्कार, अनुसंधान लेखन पुरस्कार (एडब्ल्यूएसएआर), एसईआरबी महिला उत्कृष्टता पुरस्कार और सामाजिक लाभ हेतु प्रौद्योगिकी इस्तेमाल के जरिए विशिष्टता दर्शाने वाली युवा महिला के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार शामिल हैं।
विज्ञान और प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण एवं पृथ्वी विज्ञान मंत्री डॉ. हर्षवर्धन और कपड़ा और महिला और बाल विकास कैबिनेट मंत्री श्रीमती स्मृति इरानी भी इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे।
राष्ट्रीय विज्ञान दिवस प्रत्येक वर्ष 28 फरवरी को ‘रमन इफेक्ट’ की स्मृति में मनाया जाता है। भारत सरकार ने 1986 में 28 फरवरी को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस (एनएसडी) के रूप में घोषित किया। इस दिन सर सी.वी. रमन ने 'रमन इफ़ेक्ट' की खोज की घोषणा की, जिसके लिए उन्हें 1930 में नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। इस अवसर पर पूरे देश में विज्ञान आधारित संचार गतिविधियां आयोजित की जाती हैं।
इस अवसर पर प्रख्यात वैज्ञानिक एवं विज्ञान और प्रौद्योगिकी संस्थान (टीएचएसटीआई), फरीदाबाद की प्रोफेसर गगनदीप कंग व्याख्यान देंगी, जो एनएसडी -2020 के विषय पर बात करने वाली भारत की पहली महिला एफआरएस हैं।
वैज्ञानिक मुद्दों के प्रति लोगों की रूचि बढ़ाने के उद्देश्य से एनएसडी के मूल विषय का चयन किया गया है। संबंधित आयोजनों के साथ महत्वपूर्ण वैज्ञानिक दिवसों के समारोहों से समुदाय के बीच वैज्ञानिक जागरूकता पैदा होती है। कई संस्थान खुले स्थानों में प्रयोगशालाएं खोलते हैं और छात्रों को एक विशेष अनुसंधान प्रयोगशाला/संस्थान में उपलब्ध कैरियर के अवसरों के बारे में बताते हैं।
विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग के तहत राष्ट्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी संचार परिषद (एनसीएसटीसी) वैज्ञानिक संस्थानों, अनुसंधान प्रयोगशालाओं और स्वायत्त वैज्ञानिक संस्थानों में पूरे देश में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के आयोजन में समर्थन, उत्प्रेरण और समन्वय के लिए एक नोडल एजेंसी के रूप में कार्य करती है।
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग ने फरवरी 1987 में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में प्रयासों को प्रोत्साहित करने और मान्यता देने, संचार और वैज्ञानिक रूचि को बढ़ावा देने के लिए, विज्ञान को लोकप्रिय बनाने के लिए राष्ट्रीय पुरस्कारों की स्थापना की। ये पुरस्कार हर साल राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर प्रदान किए जाते हैं।
एस शुक्ला/एएम/एसकेएस/एसके-5983
(Release ID: 1604579)