शिक्षा मंत्रालय
केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री श्री रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने भारतीय स्कूल खेल परिसंघ द्वारा दिल्ली में आयोजित 65 वें राष्ट्रीय स्कूल खेलों का उद्घाटन किया
Posted On:
24 DEC 2019 6:27PM by PIB Delhi
केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री श्री रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने भारतीय स्कूल खेल परिसंघ (एसजीएफआई) द्वारा आयोजित 65वें राष्ट्रीय स्कूल खेलों की लॉन टेनिस प्रतियोगिता (19 वर्ष से कम के लड़के और लड़कियां) का आज आर के खन्ना स्टेडियम नई दिल्ली में उद्घाटन किया। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए 23 राज्यों के 232 चयनित टेनिस खिलाड़ी दिल्ली में एकत्रित हुए। ये खिलाड़ी अगले चार दिनों तक यानी 28 दिसंबर तक विभिन्न श्रेणियों में मुकाबला करेंगे।

इस अवसर पर राष्ट्रीय स्तर पर चुने गए सभी खिलाडि़यों को बधाई दी और 232 टेनिस खिलाडि़यों में से 123 लड़कियों को देखकर उन्होंने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि यह बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के संदेश को न्यायसंगत ठहराता है। श्री निशंक ने कहा कि इस आयोजन में इतनी सारी लड़कियों को देखना हमारे लिए गर्व की बात है। उन्होंने इन खिलाडि़यों को बधाई देते हुए कहा कि ये खिलाड़ी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत के लिए स्वर्ण पदक भी जीत सकते हैं। फिट इंडिया अभियान के बारे में उन्होंने कहा कि फिट रहने के लिए खेल सबसे उपयुक्त माध्यम है। अगर सभी व्यक्गितगत फिटनेस के प्रति समर्पित हों तो भारत अपने आप ही एक फिट देश बन जाएगा। श्री निशंक ने इस प्रतियोगिता के आयोजन के लिए केन्द्रीय विद्यालय संगठन के प्रयासों की भी सराहना की।
सभी मेहमानों और खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए केन्द्रीय विद्यालय संगठन के आयुक्त श्री संतोष कुमार मल्ल ने कहा कि एक स्वस्थ शरीर का मस्तिष्क पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। इसके परिणामस्वरूप पढ़ाई-लिखाई में भी अच्छे परिणाम मिलते हैं। उन्होंने इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को अपनी शुभकामनाएं दीं। डीएलटीए के निदेशक श्री रणवीर सिंह चौहान भी उद्घाटन समारोह के दौरान उपस्थित थे। अतिरिक्त आयुक्त (शिक्षण), केन्द्रीय विद्यालय संगठन श्री यू.एन. खवारे ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।
*****
आरके मीणा/आरएन मीणा/एएम/आईपीएस/आरएन/5111
(Release ID: 1598387)