युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय

श्री किरेन रिजिजू और श्री रमेश पोखरियाल ने पूरे देश के लिए फिट इंडिया स्कूल रेटिंग प्रोग्राम लांच किए

Posted On: 04 DEC 2019 6:22PM by PIB Delhi

      केंद्रीय युवा मामले एवं खेल राज्‍य मंत्री (स्‍वतंत्र प्रभार) श्री किरेन रिजिजू और केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री श्री रमेश पोखरियाल निशंकने आज केंद्रीय विद्यालय, दिल्‍ली छावनी में फिट इंडिया स्‍कूल रेटिंग पुस्तिका एवं फिट इंडिया फ्लैग का अनावरण किया। इस अवसर पर नई दिल्‍ली सीट से संसद सदस्‍य श्रीमती मीनाक्षी लेखी भी उपस्थित थीं।     

      प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी ने नवंबर में अपने लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम मन की बात के जरिए फिट इंडिया स्‍कूल रेटिंग को लॉन्‍च किया था। प्रधानमंत्री मोदी ने सभी स्‍कूलों से फिट इंडिया फ्लैग और फिट इंडिया स्‍टार रेटिंग के लिए नामांकन करने का आग्रह किया था। भारत में पहली बार स्‍कूलों के लिए फिटनेस रेटिंग को अपनाया गया है। इस कार्यक्रम के तहत स्‍कूलों को फिट इंडिया फ्लैग और तीन स्‍टार या पांच स्‍टार की रेटिंग दी जाएगी। यह रेटिंग शिक्षकों एवं छात्रों की चुस्‍ती-दुरूस्‍ती के स्‍तर, उपलब्‍ध अवसंरचना और फिटनेस गति‍विधियों में सहभागिता के आधार पर दी जाएगी।

      मान्यता का पहला स्तर फिट इंडिया फ्लैग है, जो निम्नलिखित मानदंडों को पूरा करने वाले स्कूलों को दिया जाता है:

1) शारीरिक शिक्षा में प्रशिक्षित एक शिक्षक। शिक्षक को शारीरिक रूप से स्वस्थ और सक्रिय होना चाहिए।

 

2) खेल का मैदान होने पर जहां दो या दो से अधिक आउटडोर खेल खेले जाते हैं।

 

3) प्रत्येक वर्ग के लिए शारीरिक शिक्षा का एक पीरियड और पीरियड में शारीरिक गतिविधि (खेल, नृत्य, योग, पीटी) होती है।

 

4) सभी छात्र प्रति‍दि 60 मिनट या इससे अधिक की शारीरिक गतिविधियां करते हैं।

 

       तीन स्टार रेटिंग प्राप्त करने के लिए, एक स्कूल को निम्नलिखित मानदंडों को पूरा करना चाहिए:

 

1. स्कूल के सभी शिक्षक शारीरिक रूप से स्वस्थ हैं और 60 मिनट या इससे अधिक समय तक शारीरिक गतिविधियां करते हैं।

2. स्कूल में कम से कम दो प्रशिक्षित शिक्षक होने चाहिए जो दो खेलों को अच्‍छी तरह जानते हों।

3. दो आउटडोर खेल सहित चार खेलों के लिए सुविधाएं और प्रत्येक छात्र दो खेल खेलता हों,  जिनमें से एक पारंपरिक/स्वदेशी खेल हो सकता है।

      पांच सितारा रेटिंग प्राप्त करने के लिए, एक स्कूल को निम्नलिखित मानदंड पूरे करने चाहिए:-

1. स्कूल प्रत्‍येक महीने खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन करता है, अंतर-स्कूल प्रतियोगिताओं में भाग लेता है और वार्षिक खेल दिवस मनाता है;

2. सभी शिक्षक शारीरिक शिक्षा में प्रशिक्षित हों;

3. स्कूल में दो या दो से अधिक खेल शिक्षक हों, जो शारीरिक शिक्षा के  शिक्षक हो सकते हैं;

4. स्कूल एनसीईआरटी/स्कूल बोर्ड द्वारा निर्धारित शारीरिक शिक्षा पाठ्यक्रम का अनुसरण करता है;

5. स्कूल सभी बच्चों का वार्षिक फिटनेस मूल्यांकन करता है। छुट्टी के बाद पड़ोसी समुदायों को स्कूल अपने मैदान में खेलने की अनुमति देता है और मैदान का सक्रिय रूप से उपयोग किया जाता है। रखरखाव और सुरक्षा के लिए उचित शुल्क लिया जा सकता है।

      इस अवसर पर श्री रमेश पोखरियाल निशंकने कहा कि भारत में छात्रों की आबादी लगभग 33 करोड़ हैं जो अमरीका की आबादी से अधिक है। यदि हमारे बच्‍चे स्‍वस्‍थ रहते हैं तो हम स्‍वस्‍थ राष्‍ट्र बन सकते हैं। जल्‍द ही हम फिटनेस के वैश्विक चार्ट में अग्रणी स्‍थान प्राप्‍त कर सकते हैं।

      श्री किरेन रिजिजू ने कहा कि देश में केंद्रीय विद्यालयों की प्रतिष्‍ठा है। जब स्‍कूल फिट इंडिया स्‍कूल टैग और फिट इंडिया स्‍कूल स्‍टार प्राप्‍त करेंगे तो केंद्रीय विद्यालयों की प्रतिष्‍ठा और बढ़ेगी। सीबीएसई और केंद्रीय विद्यालय संगठन ने स्‍कूली बच्‍चों में फिट इंडिया आंदोलन को बढ़ावा देने के लिए महत्‍वपूर्ण योगदान दिया है। मुझे विश्‍वास है कि देश के स्‍कूल जल्‍द ही फिट इंडिया स्‍टार रेटिंग प्रणाली का हिस्‍सा बनेंगे।    

      खेल मंत्री ने केंद्रीय विद्यालय दिल्‍ली छावनी, केंद्रीय विद्यालय आरके पुरम और केंद्रीय विद्यालय एंड्रयूजगंज के प्राचार्यों को फिट इंडिया फ्लैग प्रदान किए।       

आरकेमीणा/आरएनएम/एएम/जेके/एसके – 4594



(Release ID: 1595048) Visitor Counter : 202


Read this release in: English