आयुष
25 अक्टूबर को देशभर में आयुर्वेद दिवस मनाया जाएगा
प्रविष्टि तिथि:
23 OCT 2019 5:56PM by PIB Delhi
राजस्थान के राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान, जयपुर में 25 अक्टूबर, 2019 को चौथा आयुर्वेद दिवस आयोजित किया जाएगा। इस संस्थान में धनवंतरी पूजन और ‘राष्ट्रीय धनवंतरी आयुर्वेद पुरस्कार-2019’ समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिड़ला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। आयुष (स्वतंत्र प्रभार) एवं रक्षा मंत्रालय में राज्य मंत्री श्री श्रीपद येस्सो नाइक भी उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर, 24 अक्टूबर, 2019 को एक राष्ट्रीय सम्मेलन ‘दीर्घायु के लिए आयुर्वेद’ भी आयोजित किया जाएगा। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह शेखावत मुख्य अतिथि होंगे।
भारत सरकार के आयुष मंत्रालय ने 2016 से प्रत्येक वर्ष धनवंतरी जयंती (धनतेरस) के दिन आयुर्वेद दिवस मनाने का निर्णय लिया था। इस अवसर पर, मंत्रालय 3-4 आयुर्वेद विशेषज्ञों को ‘राष्ट्रीय धनवंतरी आयुर्वेद पुरस्कार’ से भी सम्मानित करता है, जिसमें प्रशस्ति-पत्र, ट्राफी (धनवंतरी की मूर्ति) और पांच लाख रुपये का नकद पुरस्कार शामिल हैं। आयुर्वेद एक व्यापक कार्यक्रम में भरोसा करता है, जिसमें जागरुक भोजन (आहार), रहन-सहन (विहार), नींद (निद्रा), दीर्घायु (स्वस्थ्य जीवनकाल) के विस्तार के लिए व्यवहारात्मक एवं मनोवैज्ञानिक क्रियाकलाप शामिल हैं। रसायन तंत्र, आयुर्वेद की आठ शाखाओं में एक है, जो कायाकल्प, ऊर्जा संचार, रोग प्रतिरक्षण, स्वस्थ रूप से जीवन बढ़ाने और दीर्घायु बनाने के लिए समर्पित है।
आयुष मंत्रालय के संगठन यानी अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (एआईआईए) नई दिल्ली, केंद्रीय आयुर्वेदिक विज्ञान अनुसंधान परिषद (सीसीआरएएस), आयुर्वेद स्नातकोत्तर प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान (आईपीजीटी एंड आरए) जामनगर, भारतीय औषधि एवं होम्योपैथी फार्माकोपिया आयोग (पीसीआईएम एंड एच) गाजियाबाद और पूर्वोत्तर आयुर्वेद एवं होम्योपैथी संस्थान (एनईआईएएच) शिलांग भी इस कार्यक्रम में अपनी भागीदारी कर रहे हैं।
***
आर.के.मीणा/आरएनएम/एएम/एसकेएस/सीएस-3756
(रिलीज़ आईडी: 1588948)
आगंतुक पटल : 857