रक्षा मंत्रालय

भारतीय नौसेना का पहला प्रशिक्षण स्क्वाड्रन मडागास्कर के एंटसीरानाना में

Posted On: 01 OCT 2019 6:06PM by PIB Delhi

भारतीय नौसेना की विदेश में तैनाती के हिस्से के रूप में, भारतीय नौसेना के पहले प्रशिक्षण स्क्वाड्रन के जहाज – तीर, सुजाता और भारतीय तटरक्षक जहाज – सारथी आज तीन दिनों के लिए मडागास्कर के एंटसीरानाना पहुंचे। कैप्टन वरूण सिंह प्रथम प्रशिक्षण स्क्वाड्रन के वरिष्ठ अधिकारी हैं, जो आईएनएस तीर के कमांडिंग ऑफिसर भी हैं।

कोच्चि स्थित दक्षिणी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ के अधीन भारतीय नौसेना का पहला प्रशिक्षण स्क्वाड्रन भारतीय नौसेना, भारतीय तटरक्षक के साथ-साथ मित्र देशों के ऑफिसर कैडेटों को प्रशिक्षण देता है। कैडेटों के प्रशिक्षण पाठ्यक्रम में सीमैनशिप, नेवीगेशन, शिपहैंडलिंग, बोट वर्क और इंजीनियरिंग जैसे विषय शामिल हैं।

बंदरगाह पर ठहराव के दौरान, प्रथम प्रशिक्षण स्क्वाड्रन के वरिष्ठ अधिकारी मडागास्कर नौसेना बलों के कमांडेंट सहित मडागास्कर के अनेक गणमान्य हस्तियों और सरकारी अधिकारियों के साथ-साथ मलागासी नौसेना के अधिकारियों से भी मुलाकात करेंगे। मलागासी नौसेना के साथ दोनों नौसेनाओं के बीच सहयोग बढ़ाने के लिए पेशेवर वार्तालाप की भी योजना है। इसके अलावा, दोनों नौसेनाओं के बीच सामाजिक कार्यक्रमों, खेल आयोजनों के साथ-साथ श्रेष्ठ परम्पराओं को भी दर्शाया जाएगा।

मडागास्कर और भारत के बीच परम्परागत तौर पर मैत्रीपूर्ण द्विपक्षीय संबंध कायम हैं और ये दोनों देश लोकतंत्र और विकास के साझा मूल्यों को महत्व देते हैं। दोनों देशों के बीच निरंतर उच्च स्तरीय बैठकें और अनेक क्षेत्रों में वार्तालाप किए जाते हैं। दोनों देशों की सरकारों के बीच नियमित वार्ताओं के माध्यम से रक्षा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ रहा है।

मित्र देशों के साथ मित्रता बढ़ाने तथा अंतर्राष्ट्रीय सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से, भारतीय नौसेना के अभियान के हिस्से के रूप में भारतीय नौसेना के जहाजों को नियमित रूप से विदेशों में तैनात किया जाता है।

*****

आर.के.मीणा/आरएनएम/एएम/एसकेएस/डीके – 3383



(Release ID: 1586992) Visitor Counter : 125


Read this release in: English