शिक्षा मंत्रालय
मानव संसाधन विकास मंत्री श्री रमेश पोखरियाल निशंक एनसीईआरटी के 59वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल हुए
प्रविष्टि तिथि:
02 SEP 2019 8:11PM by PIB Delhi
केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री श्री रमेश पोखरियाल निशंक आज नई दिल्ली में एनसीईआरटी के 59वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल हुए। उन्होंने राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) के सभागार की आधाशिला भी रखी।

इस अवसर पर श्री निशंक ने कहा कि एनसीईआरटी विश्व में एक विशिष्टशैक्षिक और अनुसंधान संस्थान है। यह संस्थान पाठ्यक्रम तथा शिक्षण सामग्रीस्कूली विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए तैयार करता है। उन्होंने कहा कि भारतीय शिक्षा प्रणाली में 26 करोड़ विद्यार्थी, 90 लाख शिक्षक और 15 लाख विद्यालय हैं। एनसीईआरटीइस विशाल प्रणाली की आवश्यकताओं को नवाचारी पाठ्यक्रम सामग्री तथा शिक्षक शिक्षा पाठ्यक्रमों से पूरी करता है।
मानव संसाधन विकास मंत्री ने आशा व्यक्त की कि दो वर्ष के बाद हम नये सभागार में एनसीईआरटी का 61वां स्थापना दिवस समारोह मनाएंगे। उन्होंने कहा कि हमें विद्यार्थियों में अनुसंधान आधारित शिक्षा के लिए रूचि विकसित करनी होगी। हमें रोजगार आधारित अनुसंधानमुखी तकनीकी और पेशेवर शिक्षा पर फोकस करने की आवश्यकता है।

परिषद के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्होंने निष्ठा कार्यक्रम के अंतर्गत 42 लाख शिक्षकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जाने की सराहना की। इस अवसर पर उन्होंने पुस्तकों का विमोचन करते हुए ‘वीरगाथा’ ‘मजेदार है गणित’ तथा स्पर्शनीय पुस्तक‘टीचिंग लर्निंग ऑफ इकोनॉमिक्स’ के लिए एनसीईआरटी की सराहना की। उन्होंने कहा कि हमारे सैनिकों की शौर्य गाथा प्रत्येक बच्चे तक पहुंचनी चाहिए, ताकि उनमें देशभक्ति का भाव विकसित हो। उन्होंने बच्चों के लिए गणित को रूचिकर बनाने के लिए ‘मजेदार है गणित’ की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि स्पर्शनीय पुस्तक‘टीचिंग लर्निंग ऑफ इकोनॉमिक्स’ दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए उपयोगी होगा। उन्होंने स्वयं तथा स्वयंप्रभा जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से शिक्षा के डिजिटीकरण के कार्य को आगे ले जाने के लिए एनसीईआरटी को प्रोत्साहित किया।

उन्होंने वर्ष 2018-19 के लिए राष्ट्रीय प्रतिभा खोज परीक्षा योजना छात्रवृत्ति के परिणाम भी जारी किए। इस अवसर परएनसीईआरटी ने अनुसंधान, विकास, प्रशिक्षण और विस्तार के विभिन्न विषयों पर अपनी गतिविधियों को प्रदर्शित किया। मानव संसाधन मंत्री ने इन स्टालों को देखा।
इस अवसर परएनसीईआरटी के निदेशक प्रो. ह्रषिकेश सेनापति और मानव संसाधन विकास मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी उपसिथत थे।
****
आर.के.मीणा/आरएनएम/एएम/एजी/वाईबी- 2783
(रिलीज़ आईडी: 1583959)
आगंतुक पटल : 262
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें:
English