राष्ट्रपति सचिवालय
राष्ट्रपति श्री राम नाथ कोविंद ने कहा कि भारत-बेनिन द्विपक्षीय संबंध सार्थक और मजबूत हो रहे हैं
राष्ट्रपति ने बेनिन गणराज्य की संसद को संबोधित किया
प्रविष्टि तिथि:
30 JUL 2019 4:53PM by PIB Delhi
राष्ट्रपति श्री राम नाथ कोविंद ने बेनिन को संसद को संबोधित करते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंध मजबूत हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज एक ऐतिहासिक दिन है कि पहली बार भारत से कोई राष्ट्राध्यक्ष पहली बार बेनिन आया है। मैं आपके लोकतंत्र के मंदिर को संबोधित करते हुए सम्मानित महसूस कर रहा हूं।
राष्ट्रपति ने कहा कि बेनिन ने 1990 के दशक से अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की थी और तब से लेकर अब तक आज वह सबके लिए उदाहरण बन गया है। उन्होंने कहा कि विकास और समृद्धि के लिए लोकतंत्र बहुत महत्वपूर्ण होता है और संसदीय परम्पराएं और प्रक्रियाएं लोकतंत्र को मजबूत बनाती हैं। श्री कोविंद ने कहा कि मुझे बताया गया है कि यदि कोई सांसद एक तिहाई से अधिक सत्रों और समिति की बैठकों में अनुपस्थित रहता है तो उसे भारी जुर्माना अदा करना पड़ता है। इसके अलावा उस सदस्य को साल भर के लिए समिति से निष्कासित भी कर दिया जाता है। उन्होंने कहा कि यह जनमत का प्रतीक है और इससे आपकी निःस्वार्थ सेवा का प्रमाण मिलता है।
राष्ट्रपति ने कहा कि दोनों देशों की युवा आबादी बहुत अधिक है। हम उन्हें प्रशिक्षण देकर कुशल बना सकते हैं, ताकि उन्हें बेहतर रोजगार मिल सके। उन्होंने कहा कि भारत में हमने स्किल इंडिया मिशन शुरू किया है और हमारा लक्ष्य है कि अगले कुछ वर्षों के दौरान हम 150 मिलियन युवाओं को प्रशिक्षित करें। उन्होंने कहा कि भारत विभिन्न अफ्रीकी देशों के 15,000 छात्रों को निःशुल्क टेली-शिक्षा और 1,000 चिकित्सकों तथा पैरा-मेडिक्स को निःशुल्क टेली-चिकित्सा पाठ्यक्रम प्रदान कर रहे हैं। भारत अफ्रीका के साथ अपनी डिजिटल क्रांति को साझा करना चाहता है, ताकि इन देशों के लोगों का जीवन बेहतर हो सके।
श्री राम नाथ कोविंद ने कहा कि हम अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन में बेनिन के शामिल होने से प्रसन्न हैं, क्योंकि इससे जलवायु परिवर्तन के विरूद्ध संघर्ष में मजबूती आएगी। उन्होंने कहा कि गिनी की खाड़ी में समुद्री डाकुओं के खिलाफ बेनिन द्वारा की जाने वाली कार्रवाई का स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कि भारत संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में स्थायी सदस्यता के लिए प्रयास कर रहा है, इसके संबंध में हम अफ्रीकी प्रतिनिधित्व को पूरा समर्थन देंगे।
****
आर.के.मीणा/आरएनएम/एएम/एकेपी/एमएस-2241
(रिलीज़ आईडी: 1580833)
आगंतुक पटल : 183