रेल मंत्रालय
पूर्व मध्य रेलवे के सोनपुर डिवीजन के सहदई बुज़ुर्ग में रेल दुर्घटना
रेल संख्या 12487 (जोगबनी आनंद विहार टर्मिनल) सीमांचल एक्सप्रेस के 11 डिब्बे पटरी से उतरे
रेल और कोयला मंत्री ने मृतकों को 5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने ने की घोषणा की
रेल बोर्ड के अध्यक्ष, सदस्य इंजीनियरिंग और महानिदेशक (आरपीएफ) दुर्घटनास्थल पर पहुंचे
पूर्वी सर्किल के सीआरएस दुर्घटना के कारणों की जांच करेंगे
बचाव अभियान संपन्न
प्रविष्टि तिथि:
03 FEB 2019 11:28AM by PIB Delhi
पूर्व मध्य रेलवे के सोनपुर डिवीजन में सहदई बुजुर्ग स्टेशन पर रेल संख्या 12487 (जोगबनी आनंद विहार टर्मिनल) सीमांचल एक्सप्रेस के सबसे पिछले 11 डिब्बे आज पटरी से उतर गये। पटरी से उतरे 11 डिब्बों में से 03 डिब्बों के पलट जाने की सूचना है।
रेल और कोयला मंत्री श्री पीयूष गोयल ने प्रत्येक मृतक के परिजनों को 5 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को 1 लाख रुपये और सामान्य रूप से घायल हुए व्यक्तियों को 50,000 रूपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
रेलवे सुरक्षा / पूर्वी सर्कल के आयुक्त इस दुर्घटना की जांच करेंगे।
इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में 07 यात्रियों की जान चली गई, 03 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए और 27 यात्री इस भीषण दुर्घटना में साधारण रूप से घायल हुए।
इस दुर्घटना की खबर मिलते ही रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष श्री विनोद कुमार यादव, रेलवे बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारी, महाप्रबंधक, पूर्व मध्य रेलवे, डीआरएम सोनपुर और अन्य वरिष्ठ अधिकारी दुर्घटना स्थल पर पहुंच गए।
राहत के उपाय:
- एसपीएआरएमइ (स्व चालित दुर्घटना राहत ट्रेन और चिकित्सा उपकरण) और दुर्घटना राहत रेलगाड़ियाँ (एआरटी) दुर्घटना स्थल पर पहुंचीं।
- दुर्घटना से अप्रभावित 12 डिब्बों को यात्रियों के साथ हटा दिया गया है और दानापुर ले जाया गया है जहां अतिरिक्त डिब्बे जोड़े जाएंगे और आनंद विहार टर्मिनल के लिए विशेष रेलगाड़ी चलाई जाएगी।
- सभी घायल यात्रियों को पास के अस्पताल, जिला अस्पताल और रेलवे अस्पताल ले जाया गया है।
- दुर्घटना स्थल पर डॉक्टरों की पर्याप्त संख्या उपलब्ध है। एंबुलेंसों को सेवा में ले आया गया है।
- घायल यात्रियों का सभी चिकित्सा व्यय रेलवे द्वारा वहन किया जाएगा।
- यात्रियों के लिए दुर्घटना स्थल, पटना, हाजीपुर और अस्पतालों में भोजन की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। टीमों के साथ वाणिज्यिक अधिकारियों को हाजीपुर और दानापुर में तैनात किया गया है।
- अपनी यात्रा जारी नहीं रखने वाले यात्रियों के लिए अलग-अलग स्टेशनों पर रिफंड की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
- बचाव अभियान संपन्न हो गया है।
आर.के.मीणा/एएम/एसकेजे/एनके-175
(रिलीज़ आईडी: 1562453)
आगंतुक पटल : 302
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें:
English