सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय

श्री नितिन गडकरी दिल्ली में भीड़-भाड़ कम करने के लिए 26 जनवरी को एक और परियोजना की आधारशिला रखेंगे


प्रस्तावित छह-लेन का पहुंच नियंत्रित राजमार्ग बागपत रोड पर अक्षरधाम को ईपीई जंक्शन से जोड़ेगा

प्रविष्टि तिथि: 24 JAN 2019 6:26PM by PIB Delhi

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग,पोत परिवहन तथा जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण मंत्री नितिन गडकरी 26 जनवरी को बागपत रोड पर पूर्वी दिल्ली में अक्षरधाम से पूर्वी पेरिफेरल एक्सप्रेसवे जंक्शन तक छह-लेन का पहुंच नियंत्रित गलियारा विकसित करने की आधारशिला रखेंगे। यह कार्यक्रम दिल्ली के खजूरी खास स्थित मार्जिनल बंद रोड पर होगा।

अक्षरधाम से सहारनपुर बाईपास तक का 31.3 किलोमीटर लंबा यह सड़क खंड़ एनएच -709 बी का हिस्सा है। सड़क का संरेखण (अलाइनमेंट) अक्षरधाम से गीता कॉलोनी - शास्त्री पार्क - खजूरी खास-दिल्ली / उत्‍तर प्रदेश सीमा-मंडोला-ईपीई इंटरसेक्शन तक होगा। इसे दो पैकेजों में विकसित किया जाएगा - पहला अक्षरधाम से दिल्ली / उत्‍तर प्रदेश सीमा तक 14.75 किमी का खंड और दूसरा दिल्ली / उत्‍तर प्रदेश सीमा से ईपीई इंटरसेक्शन तक 16.57 किलोमीटर लंबा खंड़ होगा। 19 किमी का एलिवेटेड सेक्शन भी होगा। इस परियोजना की अनुमानित लागत 2820 करोड़ रुपये है। इस परियोजना में राजमार्ग के दोनों ओर 3 + 3 लेन सर्विस रोड़, आठ नए अंडरपास, प्रमुख सड़कों को जोड़ने वाले सात रैंप, 15 प्रमुख जंक्शन, 34 छोटे जंक्शन और दिल्ली-शाहदरा, नई दिल्ली-आनंद विहार रेलवे लाइन और दिलशाद गार्डन-आईएसबीटी मेट्रो लाइन में ओवर ब्रिज का निर्माण शामिल हैं। यह हाई-स्पीड सिग्नल-फ्री कॉरिडोर दिल्ली और राष्‍ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में भीड़-भाड़ कम करने में सहायक होगा और इससे प्रदूषण के स्तर में भी काफी कमी आएगी।

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी के साथ राज्‍यमंत्री श्री मनसुख मंडाविया, डॉ. सत्य पाल सिंह और केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री जनरल वी के सिंह भी उपस्थित रहेंगे।

***

आर.के.मीणा/अर्चना/एमके-


 


(रिलीज़ आईडी: 1561663) आगंतुक पटल : 94
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English