भारी उद्योग मंत्रालय
आईसीएटी ने महत्वपूर्ण सुरक्षा घटकों के भारतीय प्रमाणन के लिए केआईएपीआई के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए
प्रविष्टि तिथि:
23 JAN 2019 6:25PM by PIB Delhi
इंटरनेशनल सेंटर फॉर ऑटोमोटिव टेक्नोलॉजी (आईसीएटी) ने महत्वपूर्ण सुरक्षा घटकों के भारतीय प्रमाणन और वाहनों के लिए कोरियाई मोटर वाहन (ऑटोमोटिव) उद्योग की सहायता के लिए साउथ कोरिया के कोरिया इंटेलीजेंट ऑटोमोटिव पार्ट्स एंड प्रमोशन इंस्टीट्यूट (केआईएपीआई) के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) किया है। आईसीएटी के निदेशक श्री दिनेश त्यागी और केआईएपीआई के अध्यक्ष श्री म्यूंगहो सुंग ने समझौता ज्ञापन पर 22 जनवरी 2019 को दक्षिण कोरिया के दीगू शहर में हस्ताक्षर किए। इस एमओयू में दो प्रमुख क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रीत किया जाएगा। पहला भारत में भविष्य की तकनीकों के बारे में जागरूकता बढ़ाना और दूसरा देश के भीतर विनियम बनाने तथा परीक्षण बुनियादी ढांचा तैयार करने में भारत सरकार का समर्थन करना है। आईसीएटी विभिन्न भारतीय और ऑटोमोटिव उद्योग मानकों (एआईएस) के अनुसार भारतीय प्रमाणन के अलावा भविष्य की प्रौद्योगिकियों जैसे ऑटोनोमस ड्राइविंग, इलेक्ट्रिक वाहन, संयोजित परिवहन, ईंधन सेल वाहन और ड्राइवर-सहायता की आधुनिक प्रणालियों के क्षेत्र में केआईएपीआई के साथ सहयोग करेगा।
श्री दिनेश त्यागी ने कहा, “हम केआईएपीआई के माध्यम से कोरियाई उद्योग के साथ दीर्घकालिक व्यापार संबंधों के लिए तत्पर हैं। हम केआईएपीआई के साथ भारतीय प्रमाणन के अतिरिक्त और अधिक सहयोग करना चाहते हैं। हम उभरती और भविष्य की प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में अनुसंधान उन्मुख परियोजनाओं के लिए केआईएपीआई के साथ सहयोग करना चाहते हैं।”
केआईएपीआई के अध्यक्ष श्री म्यूंगहो सुंग ने कहा, “हमारे पास ऑटोमोटिव के क्षेत्र में उन्नत तकनीक विकसित करने के लिए अत्याधुनिक पुख्ता आधार और विशेषज्ञता है। इसलिए, आईसीएटी के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने के बाद, दोनों संगठन प्रमाणन सेवाएं प्रदान करने के साथ ही अनुसंधान और विकास भी कर सकेंगे। इससे आईसीएटी की सेवाओं के माध्यम से कोरियाई ऑटोमोटिव उद्योग को भारतीय ऑटोमोटिव उद्योग के साथ सहयोग करने में भी मदद मिलेगी।”
आईसीएटी, मानेसर केंद्रीय मोटर यान नियमावली (सीएमवीआर) के तहत स्वतंत्र परीक्षण एजेंसियों में से एक है, जो भारत सरकार के सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय द्वारा ऑटोमोबाइल और उनके महत्वपूर्ण सुरक्षा घटकों के परीक्षण और प्रमाणन के लिए अधिसूचित है।
केआईएपीआई दक्षिण कोरिया के दीगू में स्थित वाहन परीक्षण संस्थान है, जो ऑटो पार्ट्स के सप्लायरों, वाहन निर्माताओं और अगली पीढ़ी की ऑटोमोटिव तकनीक विकसित करने में अनुसंधान संस्थानों की सहायता करता है।
***
आर.के.मीणा/अर्चना/एमके-45
(रिलीज़ आईडी: 1561238)
आगंतुक पटल : 124
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें:
English