संस्‍कृति मंत्रालय

पौष पूर्णिमा स्नान की शांतिमय समाप्ति


इस अवसर पर एक करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान किया

प्रविष्टि तिथि: 21 JAN 2019 7:30PM by PIB Delhi

प्रयागराज कुंभ का दूसरा पवित्र स्नान-पौष पूर्णिमा- आज शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हुआ। इसे धार्मिक उत्साह और प्रसन्नता से मनाया गया। प्रयागराज कुंभ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री विजय किरण आनंद के अनुसार इस अवसर पर 1.07 करोड़ लोगों ने पवित्र स्नान किया। मेले के किसी भी क्षेत्र से किसी अप्रिय घटना का समाचार नहीं है। एनडीआरएफ कर्मियों ने संगम क्षेत्र से एक इतालवी महिला सहित तीन लोगों को डूबने से बचाया। मध्य रात्रि से ही स्नान प्रारंभ हो गया था और अगले दिन शाम तक यह जारी रहा। स्नान के लिए व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए थे।

पौष पूर्णिमा से माघी पूर्णिमा तक का एक महीने लम्बा कल्पवास भी आज से प्रारंभ हुआ। कल्पवास के दौरान श्रद्धालु संगम के किनारे एक महीना बिताते है और अपने इष्ट देवता की पूजा करते है तथा पवित्र संगम में स्नान करते है।

इस अवसर पर अखाड़ों का शाही स्नान नहीं हुआ, लेकिन नए बने किन्नर अखाड़ा ने पवित्र स्नान किया। आज के स्नान के लिए 8 किलोमीटर लम्बे घाट का निर्माण किया गया था।

डीआईजी (मेला) श्री के.पी. सिंह ने कहा कि मेला क्षेत्र में सूचना देने वाले लोग लगाए गए है ताकि आसामाजिक तत्वों व आपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जा सके।

अगला स्नान उत्सव 4 फरवरी को मौनी अमावस्या के दिन होगा। प्रयागराज कुंभ का यह सबसे महत्वपूर्ण स्नान उत्सव है। इस अवसर पर अखाड़े भी अपना दूसरा शाही स्नान करेंगे।

***

आर.के.मीणा/अर्चना/जेके/डीके –


(रिलीज़ आईडी: 1560929) आगंतुक पटल : 147
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English