महिला एवं बाल विकास मंत्रालय

छठवें ‘भारतीय महिला जैविक उत्सव’ अगले सप्ताह लेजर वैली, चंडीगढ़ में शुरू

Posted On: 04 JAN 2019 5:37PM by PIB Delhi

महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, चंडीगढ़ के लेजर वैली में 12 से 14 जनवरी, 2019 तक छठवें भारतीय महिला जैविक उत्सव की मेजबानी करेगा। इसका उद्देश्य जैविक सेक्टर से संबंधित भारत के दूरदराज इलाकों की महिला किसानों और उद्यमियों को प्रोत्साहित करना है।

महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती मेनका संजय गांधी ने कहा है कि इस उत्सव का उद्देश्य भारतीय महिला उद्यमियों और किसानों को अधिक से अधिक खरीदारों के साथ संपर्क स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि मंत्रालय इस बात के लिए भी प्रयास कर रहा है कि महिलाओं और बच्चों से संबंधित विभिन्न पहलों और योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचायी जा सके।

लेजर वैली में 100 से अधिक महिलाएं शरीक होंगी और यह जैविक महोत्सव का केन्द्र बनेगा। इस उत्सव में एक हजार से अधिक विभिन्न जैविक उत्पाद पेश किए जाएंगे, जिनमें वस्त्र, आरोग्य, अनाज, बीज, आभूषण, बेकरी उत्पाद इत्यादि शामिल हैं। उत्सव में आने वाले लोगों को फूड-कोर्ट को भी देखने का मौका मिलेगा, जहां विभिन्न प्रकार की खाने-पीने की चीजें होंगी। उत्सव का समय 10.30 बजे सुबह से 10.00 बजे रात तक का है।

उल्लेखनीय है कि भारतीय महिला जैविक उत्सव 2015 से हर वर्ष नई दिल्ली में आयोजित होता रहा है। यह इस वर्ष चंडीगढ़ में आयोजित किया जा रहा है।

***  

 

आर.के.मीणा/अर्चना/एकेपी/डीए - 43

 



(Release ID: 1558669) Visitor Counter : 1375