सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय

उपराष्ट्रपति श्री एम. वेंकैया नायडू 26 नवंबर, 2018 को डेरा बाबा नानक-करतारपुर साहिब गलियारे के निर्माण की आधारशिला रखेंगे

प्रविष्टि तिथि: 24 NOV 2018 7:01PM by PIB Delhi

भारत के उपराष्ट्रपति, श्री एम वेंकैया नायडू सोमवार, 26 नवंबर 2018 को पंजाब के गुरदासपुर जिले के मान गांव में होने वाले एक समारोह में डेरा बाबा नानक-करतारपुर साहिब रोड कॉरिडोर (अंतरराष्ट्रीय सीमा तक) के निर्माण की आधारशिला रखेंगे।

केंद्रीय सड़क परिवहन, राजमार्ग और जहाजरानी मंत्री श्री नितिन गडकरी, केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री श्रीमती हरसिमरत कौर बादल और पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह इस अवसर पर मौजूद रहेंगे।

गुरु नानक देव जी ने करतारपुर में सिख समुदाय को इकट्ठा किया था और वे वहां पर 18 साल, 1839 तक रहे थे। गुरुद्वारा दरबार साहिब का निर्माण वहां पर हुआ है जहां गुरु नानक देव जी ने अपनी आखिरी सांसें ली थी।

2019 में गुरु नानक देव जी की 550 वीं जयंती मनाने के लिए, भारत सरकार ने 22 नवंबर 2018 को भारत और पाकिस्तान के बीच अंतरराष्ट्रीय सीमा तक करतारपुर रोड कॉरिडोर, एक एकीकृत विकास परियोजना के रूप में बनाने का फैसला किया। इस कॉरिडोर के माध्यम से सिख तीर्थयात्री पाकिस्तान में रावी नदी के तट पर स्थित करतारपुर में प्रतिष्ठित गुरुद्वारा दरबार साहिब का दर्शन कर सकेंगे।

15 नवंबर 2018 को भारत और पाकिस्तान ने घोषणा की थी कि वे अपने संबंधित क्षेत्रों में कॉरिडोरों को बनाएंगे जिससे कि सिख तीर्थयात्रियों को बिना वीजा के पवित्र स्थल का दौरा करने और बिना वीजा सुरक्षित वापस आने में मदद मिल सकेगी।

भारत की ओर से यह कॉरिडोर गुरदासपुर जिले में डेरा बाबा नानक से शुरू होकर भारत और पाकिस्तान के अंतर्राष्ट्रीय सीमा तक जाएगा। इस कॉरिडोर परियोजना को राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा विकसित किया जाएगा और भारत सरकार द्वारा इसे वित्त पोषित किया जाएगा। इस कॉरिडोर परियोजना में सर्विस रोड सहित 4 लेन हैं और पाकिस्तान के करतारपुर में स्थित गुरुद्वारा दरबार साहिब जाने का इरादा रखने वाले तीर्थयात्रियों के लिए अन्य सभी सुविधाएं मौजूद हैं।

यह कॉरिडोर भारत और पाकिस्तान के बीच एक ऐतिहासिक लैंडमार्क होगा तथा यह पर्यटन को भी बढ़ावा देगा क्योंकि दोनों देशों के बीच के ज्यादा तीर्थयात्री पूरे साल भर इस पवित्र स्थल की यात्रा करेंगे।

आर.के.मीणा/एएम/ए-11423


(रिलीज़ आईडी: 1553962) आगंतुक पटल : 118
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English