पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय

श्री नितिन गड़करी कल उत्‍तर प्रदेश में घाघरा नदी को राष्‍ट्रीय जलमार्ग के रूप में विकसित करने की आधारशिला रखेंगे


भारतीय अन्‍तर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण ने पहले चरण का काम शुरू किया

प्रविष्टि तिथि: 08 OCT 2018 6:10PM by PIB Delhi

केन्‍द्रीय जहाजरानी, सड़क परिवहन और राजमार्ग तथा जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण मंत्री श्री नितिन गड़करी सागरमाला कार्यक्रम के तहत कल उत्‍तर प्रदेश के बस्‍ती में राष्‍ट्रीय जलमार्ग के रूप में घाघरा नदी को विकसित करने की आधारशिला रखेंगे।

देश में अन्‍तर्देशीय जलमार्ग को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने 2016 में गंगा और घाघरा नदी के संगम पर माझी घाट से फैजाबाद/अयोध्‍या तक घाघरा नदी के 364 किलोमीटर हिस्‍से को राष्‍ट्रीय जलमार्ग संख्‍या 40 के रूप में विकसित करने की घोषणा की थी। गंगा नदी पर विकसित किए गए राष्‍ट्रीय जलमार्ग संख्‍या-1 के समान ही यह जलमार्ग भी यात्रियों और सामान के परिवहन के लिए एक बड़ा माध्‍यम बनेगा। इस जलमार्ग पर अयोध्‍या, माहीरपुर, दोहरी घाट, तुर्तीपारा और माझी घाट पांच प्रमुख टर्मिनल होंगे।

भारतीय अन्‍तर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण ने घाघरा नदी से जुड़ी जलमार्ग परियोजना के पहले चरण की शुरूआत कर दी है। इसके तहत घाघरा और गंगा नदी में माल परिवहन और यात्री सेवाओं के लिए 11.6 करोड़ रुपये की लागत से टांडा-तलवाड़ी में एक तैरता हुआ टर्मिनल बनाया गया है।

***

आर.के.मीणा/अर्चना/मधुलिका/वाईबी-10595  
 


(रिलीज़ आईडी: 1549030) आगंतुक पटल : 321
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English