राष्ट्रपति सचिवालय

राष्ट्रपति ओडिशा में ; ओडिशा के लोगों को आनंद भवन संग्रहालय एवं अध्ययन केंद्र समर्पित किया ; राष्ट्रीय कानून विश्वविद्यालय, ओडिशा का संस्थापना दिवस व्याख्यान भी दिया

Posted On: 17 MAR 2018 6:28PM by PIB Delhi

राष्ट्रपति श्री राम नाथ कोविंद ने आज (17 मार्च, 2018) को कटक में ओडिशा के राज्यपाल डॉ. एस सी जमीर एवं ओडिशा के मुख्यमंत्री श्री नवीन पटनायक तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में ओडिशा के लोगों को आनंद भवन संग्रहालय एवं अध्ययन केंद्र समर्पित किया जो दिवंगत मुख्यमंत्री बीजू पटनायक की यादगार में है।

इस अवसर पर महामहिम राष्ट्रपति ने कहा कि बीजू पटनायक का लोगों के दिलों में एक विशिष्ट स्थान है। उन्हें सभी धर्मों और राजनीतिक पार्टियों के लोगों का स्नेह और सम्मान मिला। उनकी विरासत पार्टी संबद्धता से कहीं आगे है। उन्होंने आनंद भवन परिसर को राज्य सरकार को सौंपने के लिए श्री नवीन पटनायक और उनके परिवार की सराहना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस संग्रहालय में आने वाले आगंतुक दिवंगत मुख्यमंत्री बीजू पटनायक के बहुआयामी व्यक्तित्व के बारे में अधिक से अधिक जानने में सक्षम होंगे।

महामहिम राष्ट्रपति ने कहा कि ओडिशा का सर्वांगीण विकास भारत के समावेशी विकास के लिए आवश्यक है। ओडिशा वन और प्राकृतिक संसाधनों में समृद्ध है। ओडिशा में र्प्यटन की भी असीम संभावनाएं हैं जिससे रोजगार बढ़ सकता है और आर्थिक विकास को मजबूती मिल सकती है।

     बाद में, महामहिम राष्ट्रपति ने राष्ट्रीय कानून विश्वविद्यालय, ओडिशा के तीसरे संस्थापना दिवस पर भी व्याख्यान दिया। महामहिम राष्ट्रपति ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि कानूनी पेशे के आधुनिकीकरण ने विधि स्नातकों एवं युवा अधिवक्ताओं के लिए अवसरों में बढोतरी के साथ तालमेल बनाये रखा है।

महामहिम राष्ट्रपति ने कहा कि जैसे जैसे हमारी अर्थव्यवस्था बढ़ी है, कानूनी पेशा भी विस्तारित हुआ है। वाणिज्यिक एवं व्यावसायिक कानून अधिक महत्वपूर्ण, जटिल और बौद्धिक रूप से प्रेरक बन गए हैं।

आज सुबह, महामहिम राष्ट्रपति ने कटक की अपनी यात्रा की शुरुआत नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जन्मस्थान पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के द्वारा की।

***

वीएल/एएम/एसकेजे/एमबी/एनके–7086

 



(Release ID: 1525026) Visitor Counter : 186


Read this release in: English