स्‍वास्‍थ्‍य एवं परिवार कल्‍याण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

आईआईटीएफ 2026 में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के स्वास्थ्य मंडप में लगभग 1.5 लाख लोगों की उपस्थिति दर्ज; ‘युवा भारत, स्वस्थ भारत’ के माध्यम से निवारक स्वास्थ्य सेवा और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा


आगंतुकों को निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच, नैदानिक परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श तथा शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श उपलब्ध कराया गया

आयुष्मान आरोग्य मंदिर के स्टॉल में व्यापक प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं का प्रदर्शन; शीघ्र पहचान, रोकथाम और सुलभ देखभाल पर विशेष जोर

आभा, ई-संजीवनी, यू-विन और टेली-मानस सहित डिजिटल स्वास्थ्य पहलों के माध्यम से आगंतुकों को प्रौद्योगिकी-आधारित स्वास्थ्य सेवाओं से परिचित कराया गया

सीपीआर का प्रत्यक्ष प्रदर्शन, टीबी जागरूकता नुक्कड़ नाटक, डॉक्टरों के टॉक शो और संवादात्मक गतिविधियों से स्वास्थ्य जागरूकता तथा निवारक उपायों को बढ़ावा

बच्चों के लिए विशेष क्षेत्र में शारीरिक गतिविधियों, स्क्रीन-मुक्त मनोरंजन और स्वस्थ आदतों को प्रोत्साहित किया गया

स्वास्थ्य मंडप में संविधान दिवस पर संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ; संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई गई

प्रविष्टि तिथि: 28 NOV 2026 5:38PM by PIB Delhi

 नई दिल्ली के भारत मंडपम में भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ) के दौरान स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के स्वास्थ्य मंडप में लगभग 1.5 लाख लोगों की उपस्थिति दर्ज की गई। बच्चों, युवाओं और परिवारों ने निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने, स्वास्थ्य सेवा पेशेवरों से बातचीत करने और सरकार के स्वास्थ्य कार्यक्रमों के बारे में जानकारी प्राप्त करने के लिए मंडप का दौरा किया। ‘युवा भारत, स्वस्थ भारत’ विषय पर आधारित इस मंडप में संवादात्मक प्रदर्शनियों, प्रत्यक्ष प्रदर्शनों और मौके पर उपलब्ध सेवाओं के माध्यम से निवारक स्वास्थ्य सेवा तथा रोजमर्रा की स्वस्थ आदतों को बढ़ावा दिया गया।

मंडप का उद्घाटन नीति आयोग के सदस्य डॉ. एम. श्रीनिवास ने केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव श्रीमती पुण्य सलिला श्रीवास्तव की उपस्थिति में किया। स्वास्थ्य मंडप में 24 राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों, कार्यक्रम प्रभागों और सहभागी संगठनों का प्रतिनिधित्व करने वाले 39 स्टॉल लगाए गए। इनके माध्यम से आगंतुकों को सरकारी स्वास्थ्य पहलों के बारे में जानने और सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तृत श्रृंखला का लाभ उठाने का अवसर मिला।

IMG_256

 

आयुष्मान आरोग्य मंदिर के स्टॉल में निवारक और प्राथमिक स्वास्थ्य सेवा पर विशेष जोर

एक प्रमुख आकर्षण आयुष्मान आरोग्य मंदिर का स्टॉल था, जहाँ आगंतुकों ने बुनियादी स्वास्थ्य जाँच कराई और निवारक देखभाल के बारे में मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस स्टॉल मेंआगंतुकों को उनके समुदायों में उपलब्ध आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं से परिचित कराया गया और उन्हें नियमित स्वास्थ्य जाँच को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रोत्साहित किया।

IMG_256

आगंतुकों को निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच, परीक्षण और परामर्श उपलब्ध

पूरे मंडप में आगंतुकों को बीएमआई आकलन, रक्त शर्करा परीक्षण, रक्त समूह की जाँच, आँखों की जाँच, मौखिक स्वास्थ्य जाँच और सुनने की क्षमता का आकलन जैसी निःशुल्क सेवाएँ उपलब्ध कराई गईं। उन्हें मानसिक स्वास्थ्य, पोषण और तंबाकू छोड़ने संबंधी परामर्श भी दिया गया। इसके साथ ही मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण और रोगों की रोकथाम के बारे में मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

IMG_256

आगंतुकों को ई-संजीवनी के माध्यम से टेली-परामर्श लेने, आभा आईडी बनाने और आयुष्मान भारत–प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (एबी-पीएमजेएवाई) के लिए अपनी पात्रता जाँचने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई। सहभागी स्टॉलों ने आगंतुकों को यू-विन टीकाकरण प्लेटफॉर्म और टेली-मानस मानसिक स्वास्थ्य सहायता सेवाओं से भी परिचित कराया।

प्रत्यक्ष प्रदर्शन और संवादात्मक गतिविधियों से स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा

हृदय-फुफ्फुसीय पुनर्जीवन (सीपीआर) के प्रत्यक्ष प्रदर्शनों के माध्यम से आगंतुकों को आपातकालीन स्थिति में प्रतिक्रिया देने के आवश्यक कौशलों से परिचित कराया गया। टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत नुक्कड़ नाटकों ने लक्षणों को पहचानने तथा समय पर जाँच और उपचार कराने के महत्व को रेखांकित किया। डॉक्टरों के टॉक शो, संवादात्मक प्रश्नोत्तरी, जादू के शो और वाहक-जनित रोगों पर आधारित गतिविधियों ने आगंतुकों को प्रश्न पूछने और निवारक स्वास्थ्य उपायों के बारे में जानने के अवसर प्रदान किए।

IMG_256

बच्चों के लिए विशेष क्षेत्र में खेल के माध्यम से स्वस्थ आदतों को प्रोत्साहन

बच्चों को पारंपरिक खेलों और मनोरंजक गतिविधियों में शामिल करने के लिए एक विशेष बाल क्षेत्र बनाया गया। इस पहल के माध्यम से स्क्रीन से दूर रहकर गतिविधियों में भाग लेने, शारीरिक सक्रियता और सामाजिक मेल-जोल को बढ़ावा दिया गया। साथ ही, खेल के माध्यम से बच्चों को स्वस्थ आदतें विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया गया और परिवारों को मंडप में आनंददायक अनुभव मिला।

IMG_256

 

स्वास्थ्य मंडप में संविधान दिवस मनाया गया

संविधान दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य मंडप में उपस्थित प्रतिभागियों ने एक साथ भारत के संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया। इसके माध्यम से न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के संवैधानिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

IMG_256

स्वास्थ्य मंडप ने निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की जानकारी और संवादात्मक जागरूकता गतिविधियों को एक साथ प्रस्तुत किया। इससे आगंतुकों को सरकार की सार्वजनिक स्वास्थ्य पहलों से सीधे जुड़ने का अवसर मिला। ‘युवा भारत, स्वस्थ भारत’ विषय के माध्यम से मंडप ने निवारक स्वास्थ्य सेवा, स्वस्थ जीवनशैली और स्वस्थ राष्ट्र के निर्माण में जनभागीदारी के महत्व को फिर से रेखांकित किया।

*****

पीके/केसी/आरटी/एनकेएस

एचएफडब्ल्यू/एमओएचएफडब्ल्यू का स्वास्थ्य मंडप आईआईटीएफ 2026 में लगभग 1.5 लाख लोगों की उपस्थिति दर्ज करता है / 28 नवंबर 2026 / 1


(रिलीज़ आईडी: 2343171) आगंतुक पटल : 21
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Tamil