महिला एवं बाल विकास मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

महिला एवं बाल विकास मंत्रालय(एमडब्ल्यूसीडी) और कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय(एमएसडीई) 28 नवंबर 2026 को हरिद्वार में संयुक्त रूप से ‘नव्या 2.0’ का शुभारंभ करेगा


24 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के 100 जिलों में कौशल विकास, आत्मविश्वास बढ़ाने और आजीविका के अवसरों के माध्यम से किशोरियों एवं युवतियों को सशक्त बनाने की एक संयुक्त पहल

प्रविष्टि तिथि: 27 NOV 2026 9:13PM by PIB Delhi

महिला एवं बाल विकास मंत्रालय(एमडब्ल्यूसीडी) और कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय(एमएसडीई) 28 नवंबर 2026 को अपराह्न 3:30 बजे उत्तराखंड संस्कृत अकादमी सभागार, हरिद्वार में संयुक्त रूप से नव्या(NAVYA) के दूसरे चरण--‘युवा महिलाओं एवं किशोरियों के लिए व्यावसायिक प्रशिक्षण के माध्यम से आकांक्षाओं को प्रोत्साहन’ नव्या 2.0(NAVYA 2.0) का शुभारंभ करेगा। अपने पायलट चरण के अनुभवों से सीख लेते हुए, नव्या 2.0(NAVYA 2.0) का उद्देश्य किशोरियों और युवतियों की आकांक्षाओं को प्रोत्साहित करके, उनकी क्षमताओं को सुदृढ़ बनाकर तथा उनमें अधिक आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता और आर्थिक स्वतंत्रता विकसित करने में सक्षम बनाकर महिला-नेतृत्व वाले विकास को आगे बढ़ाना है।

इस कार्यक्रम में माननीय केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी; भारत सरकार के माननीय कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री(स्वतंत्र प्रभार) तथा शिक्षा राज्य मंत्री श्री जयंत चौधरी; उत्तराखंड सरकार की माननीय महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, खेल एवं युवा कल्याण कैबिनेट मंत्री श्रीमती रेखा आर्या; उत्तराखंड सरकार के माननीय पंचायती राज, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास, आयुष एवं आयुष शिक्षा, पुनर्गठन एवं जनगणना कैबिनेट मंत्री श्री मदन कौशिक; तथा उत्तराखंड से माननीय लोकसभा सांसद श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत शामिल होंगे।

इस शुभारंभ कार्यक्रम में माननीय केन्द्रीय मंत्रियों द्वारा औपचारिक रूप से नव्या 2.0 की औपचारिक शुरुआत की जाएगी। इसके साथ ही, उत्तराखंड में सक्षम आंगनवाड़ी केंद्रों तथा पीएम-जनमन के अंतर्गत निर्मित नए आंगनवाड़ी केंद्रों का उद्घाटन किया जाएगा। साथ ही, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना(पीएमकेवीवाई) (PMKVY) के अंतर्गत प्रशिक्षित अभ्यर्थियों को प्रमाण-पत्र भी दिए जाएंगे।

नव्या: आकांक्षाओं को प्रोत्साहित करना और सशक्तीकरण को सक्षम बनाना

नव्या(NAVYA), महिला एवं बाल विकास मंत्रालय(एमडब्ल्यूसीडी) और कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय(एमएसडीई) की एक सहयोगात्मक पहल है, जो किशोरियों और युवतियों को सशक्त बनाने के लिए महिला एवं बाल विकास तथा कौशल विकास से जुड़ी क्षमताओं को एक साथ लाता है। यह पहल इस बात को मान्यता देता है कि सशक्तीकरण केवल प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें आकांक्षाओं को प्रोत्साहित करना, आत्मविश्वास कोस बढ़ावा देना,  क्षमताओं का विकास करना तथा भविष्य के बारे में सोच-समझकर निर्णय लेने में सक्षम बनाना भी शामिल है।

नव्या(NAVYA) के पायलट चरण का शुभारंभ 24 जून 2025 को उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में किया गया था, जिसके अंतर्गत 19 राज्यों के 27 आकांक्षी जिलों को शामिल करने की परिकल्पना की गई थी। लगभग 1,200 किशोरियों को उद्योग जगत की आवश्यकताओं के अनुरूप विभिन्न रोजगारपरक भूमिकाओं में प्रशिक्षित किया गया, जैसे ड्रोन विनिर्माण एवं असेंबली तकनीशियन, सोलर पीवी इंस्टॉलेशन हेल्पर और फैशन डिजाइनर। इस पहल में उनके आत्मविश्वास और सामाजिक-आर्थिक आत्मनिर्भरता को सुदृढ़ करने के लिए डिजिटल एवं वित्तीय साक्षरता, करियर की तैयारी तथा उद्यमिता पर भी विशेष जोर दिया गया।

नव्या 2.0(NAVYA 2.0): सशक्तीकरण के आयामों का विस्तार

पायलट चरण के अनुभवों के आधार पर, नव्या 2.0 का विस्तार 24-राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के 100-जिलों तक किया जाएगा, जिसमें विशेष रूप से आकांक्षी और दुर्गम क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। पात्र आयु वर्ग को भी 16–18 वर्ष से बढ़ाकर 16–25 वर्ष कर दिया गया है, जिससे अधिक संख्या में किशोरियों और युवतियों को इस पहल के दायरे में लाया जा सकेगा।

विस्तारित पहल के अंतर्गत उद्योग जगत की आवश्यकताओं के अनुरूप आधुनिक एवं गैर-पारंपरिक रोजगार भूमिकाओं में व्यावसायिक प्रशिक्षण तक अधिक पहुंच उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही, रोजगार, अप्रेंटिसशिप (शिक्षुता) और उद्यमिता के अवसरों के लिए मार्ग प्रशस्त किए जाएंगे। इस पहल में संस्थागत समन्वय, जिला स्तर पर समन्वित कार्यान्वयन और परिणामोन्मुखी सहायता पर विशेष जोर दिया गया है। जिला स्तर पर प्रभावी समन्वय और कार्यान्वयन को सुगम बनाने के लिए एक सुव्यवस्थित मानक संचालन प्रक्रिया(एसओपी) भी लागू की गई है।

प्रौद्योगिकी-सक्षम कार्यान्वयन

कौशल भारत डिजिटल हब(एसआईडीएच), कौशल विकास के अवसरों तक पहुंच को सुगम बनाने और नामांकन से लेकर प्रशिक्षण एवं प्रमाणन तक की पूरी प्रक्रिया में अभ्यर्थियों को सहायता प्रदान करने के लिए डिजिटल मंच के रूप में कार्य करेगा। यह लाभार्थियों के पंजीकरण, उपस्थिति, प्रशिक्षण की प्रगति और प्रमाणन की वास्तविक समय में निगरानी करने में भी सक्षम होगा, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूती मिलेगी। डिजिटल रूप से सत्यापित किए जा सकने वाले प्रमाण-पत्र अभ्यर्थियों को अपने कौशल और दक्षताओं को प्रदर्शित करने में भी मदद करेंगे।

महिला-नेतृत्व वाले विकास को प्रोत्साहन देना

महिला एवं बाल विकास मंत्रालय(एमडब्ल्यूसीडी) और कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय(एमएसडीई) के समन्वित प्रयासों के माध्यम से, नव्या 2.0 एक ऐसा अनुकूल परिवेश तैयार करने का प्रयास करता है, जहां किशोरियां और युवतियां, विशेष रूप से आकांक्षी एवं वंचित क्षेत्रों की, अपनी क्षमता को पहचान सकें, अपनी आकांक्षाओं को साकार कर सकें तथा आर्थिक और सामाजिक विकास में सार्थक योगदान दे सकें।

नव्या 2.0 आकांक्षाओं को अवसरों में और अवसरों को सशक्तीकरण में बदलने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो प्रत्येक युवा महिला को अपना भविष्य स्वयं संवारने और विकसित भारत के विजन में योगदान देने में सक्षम बनाता है।

***

पीके/केसी/आरटी/पीकेपी/


(रिलीज़ आईडी: 2342918) आगंतुक पटल : 40
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English