राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग
azadi ka amrit mahotsav

एनएचआरसी, भारत ने उत्तर प्रदेश के लखनऊ स्थित दो जेलों में सात दिनों के भीतर दो कैदियों द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना का स्वतः संज्ञान लिया


आयोग ने उत्तर प्रदेश के कारागार महानिदेशक और लखनऊ के जिलाधिकारी को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी

प्रविष्टि तिथि: 27 NOV 2026 8:05PM by PIB Delhi

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी), भारत ने 26 नवंबर 2026 की एक मीडिया रिपोर्ट पर स्वतः संज्ञान लिया है। रिपोर्ट के अनुसार, उत्तर प्रदेश के लखनऊ की दो जेलों में सात दिनों के भीतर दो कैदियों ने आत्महत्या कर ली। बताया गया है कि एक विचाराधीन कैदी और आजीवन कारावास की सजा काट रहे एक अन्य कैदी ने क्रमशः 19 और 25 नवंबर 2026 को जिला जेल और मॉडल जेल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

आयोग ने कहा है कि यदि समाचार रिपोर्ट में दी गई जानकारी सही है, तो यह मानवाधिकारों के उल्लंघन से जुड़े गंभीर मुद्दे उठाती है। इस संबंध में आयोग ने उत्तर प्रदेश के कारागार महानिदेशक और लखनऊ के जिलाधिकारी को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

आयोग ने यह भी संज्ञान लिया कि उसके दिशा-निर्देशों के अनुसार, इन हिरासत में हुई मौतों की सूचना 24 घंटे के भीतर आयोग को नहीं दी गई। इसलिए, एनएचआरसी ने संबंधित अधिकारियों से 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है कि इन हिरासत में हुई मौतों की सूचना आयोग को क्यों नहीं दी गई।

***

पीके/केसी/आरटी/जीके/एसएस


(रिलीज़ आईडी: 2342829) आगंतुक पटल : 43
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu