कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय
पेंशनभोगियों को सशक्त बनाने के लिए लखनऊ में डीएलसी अभियान 5 के तहत मेगा कैंप आयोजित
पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग के सचिव ने लखनऊ में डीएलसी अभियान 5 के मेगा कैंप में हिस्सा लिया
प्रविष्टि तिथि:
26 NOV 2026 12:01PM by PIB Delhi
पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग ने उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से 26 नवंबर, 2026 को लखनऊ के इंदिरा नगर स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ फाइनेंशियल मैनेजमेंट ट्रेनिंग एंड रिसर्च में राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र अभियान 5 के अंतर्गत एक मेगा कैंप का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में भारत सरकार के पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग की सचिव श्रीमती निवेदिता शुक्ला वर्मा ने भाग लिया। उनके साथ विभाग तथा उत्तर प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त विभाग के प्रमुख सचिव श्री आलोक कुमार, वित्त विभाग की सचिव श्रीमती मिनिस्थी एस. एवं श्रीमती संदीप कौर तथा भारत सरकार के पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग के संयुक्त सचिव श्री ध्रुबज्योति सेनगुप्ता सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। इस मेगा कैंप का आयोजन पेंशनभोगियों को डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र की सुविधा उपलब्ध कराने तथा डिजिटल माध्यम से जीवन प्रमाणपत्र जमा करने की प्रक्रिया को सुगम बनाने के उद्देश्य से किया गया।

भारत सरकार का पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग देशभर के 2,000 शहरों एवं जिलों में 1 से 30 नवंबर, 2026 तक पांचवां राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र अभियान आयोजित कर रहा है। यह अब तक का सबसे बड़ा डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र अभियान है। इसमें विशेष रूप से फेस ऑथेंटिकेशन टेक्नोलॉजी (चेहरा प्रमाणीकरण तकनीक) पर ध्यान केंद्रित किया गया है, जिसके माध्यम से पेंशनभोगी स्मार्टफोन का उपयोग करके अपने घर बैठे ही जीवन प्रमाणपत्र जमा कर सकते हैं।
पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग की सचिव श्रीमती निवेदिता शुक्ला वर्मा ने मेगा कैंप को संबोधित करते हुए कहा कि विभाग की सभी पहलों के केंद्र में पेंशनभोगी हैं। डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र अभियान की सफलता इस बात पर निर्भर करती है कि दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले पेंशनभोगियों सहित प्रत्येक पेंशनभोगी तक इसका लाभ पहुंचे।
उन्होंने पेंशनभोगियों से डिजिटल सशक्तिकरण के दूत बनने का आह्वान किया। इसके लिए उन्होंने उनसे अपने अनुभव साझा करने और अन्य पेंशनभोगियों को फेस ऑथेंटिकेशन टेक्नोलॉजी अपनाने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि पेंशनभोगी अब स्मार्टफोन के माध्यम से घर बैठे ही अपना डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र तैयार कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें न तो किसी अन्य व्यक्ति पर निर्भर रहने की आवश्यकता है और न ही बैंक शाखाओं में जाने की जरूरत है।

यह राष्ट्रव्यापी अभियान 'उत्सव' के रूप में संपूर्ण सरकारी दृष्टिकोण के तहत आयोजित किया जा रहा है। इसमें पेंशन भुगतान करने वाले बैंकों, इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक, पेंशनभोगी कल्याण संघों, रक्षा लेखा महानियंत्रक, दूरसंचार विभाग, रेलवे, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन, राज्य सरकारों, भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय का सहयोग लिया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत पेंशनभोगियों को विभिन्न सुविधाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जा रहा है। इनमें स्वास्थ्य जांच, आधार अपडेट करने की सुविधा तथा शिकायतों का निवारण जैसी सेवाएं शामिल हैं। लखनऊ में आयोजित मेगा कैंप में भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक सहित 8 अन्य प्रमुख पेंशन भुगतान करने वाले बैंकों, भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण और राज्य कोषागार ने भी भाग लिया। इन संस्थानों द्वारा पेंशनभोगियों के मार्गदर्शन और सहायता के लिए विशेष स्टॉल लगाए गए।

लखनऊ में आयोजित मेगा कैंप ने पेंशनभोगियों को डिजिटल माध्यमों से अपना डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र जमा करने की सुविधा प्रदान करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच उपलब्ध कराया। इससे पेंशन के वार्षिक सत्यापन की प्रक्रिया को अधिक सरल और सुगम बनाने में मदद मिली।
कार्यक्रम के दौरान गणमान्य व्यक्तियों द्वारा वरिष्ठ पेंशनभोगियों को सम्मानित किया गया तथा राष्ट्र एवं समाज के प्रति उनके योगदान और सेवाओं को सराहा गया। इस अवसर पर पेंशनभोगियों के साथ संवाद सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें उन्हें अपनी समस्याएं और चिंताएं साझा करने का अवसर मिला। इस कार्यक्रम में डिजिटल पेंशन संबंधी सेवाओं के बारे में उनकी जागरूकता बढ़ाने तथा उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी देने पर भी विशेष ध्यान दिया गया।
***
पीके/केसी/आरटी/जेके/एचबी
(रिलीज़ आईडी: 2342585)
आगंतुक पटल : 24
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें:
English