संस्‍कृति मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत पांच दिवसीय ‘युवा सोमनाथ यात्रा’ पूरी कर 1,100 से अधिक विद्यार्थी नई दिल्ली लौटे


विद्यार्थियों ने भारत की समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को समझने के लिए सोमनाथ के मंदिरों, तीर्थस्थलों और ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण किया

प्रविष्टि तिथि: 25 NOV 2026 7:25PM by PIB Delhi

सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत 20 से 25 नवंबर 2026 तक आयोजित पांच दिवसीय ‘युवा सोमनाथ यात्रा’ 1,100 से अधिक विद्यार्थियों के नई दिल्ली स्थित सफदरजंग रेलवे स्टेशन लौटने के साथ संपन्न हुई। इस यात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने सोमनाथ के विभिन्न मंदिरों, तीर्थस्थलों और ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण किया तथा भारत की समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को करीब से जानने का अवसर प्राप्त किया।

यात्रा की शुरुआत 20 नवंबर को हुई, जब केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने नई दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से विशेष रेलगाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रेलगाड़ी 21 नवंबर को गुजरात के वेरावल रेलवे स्टेशन पहुंची, जहां विद्यार्थियों का लोक नृत्य प्रस्तुतियों और पुष्पवर्षा के साथ भव्य पारंपरिक स्वागत किया गया।

22 नवंबर को विद्यार्थियों ने प्रभास पाटन स्थित श्री राम मंदिर, गोलोकधाम तीर्थ और श्रद्धेय प्रथम ज्योतिर्लिंग श्री सोमनाथ महादेव मंदिर के दर्शन किए। उन्होंने सोमनाथ मंदिर में आयोजित ‘जय सोमनाथ’ लाइट एंड साउंड शो भी देखा, जिसमें मंदिर के समृद्ध इतिहास और उसके चिरस्थायी महत्व को प्रस्तुत किया गया।

 

23 नवंबर को युवाओं ने बाण गंगा, भिड़भंजन महादेव मंदिर, भालका तीर्थ और अहिल्याबाई मंदिर का भ्रमण किया। उन्होंने संग्रहालय और स्वदेशी हाट का भी दौरा किया, जहां उन्हें स्थानीय संस्कृति और स्वदेशी उत्पादों के बारे में जानने का अवसर मिला। दिनभर की गतिविधियों का समापन त्रिवेणी घाट पर दिव्य आरती के दर्शन के साथ हुआ।

 

24 नवंबर को विद्यार्थी विशेष रेलगाड़ी से नई दिल्ली के लिए वेरावल रेलवे स्टेशन से रवाना हुए। 25 नवंबर को उनके सफदरजंग रेलवे स्टेशन पहुंचने के साथ यात्रा संपन्न हुई, जहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

इस पांच दिवसीय यात्रा ने विद्यार्थियों को सोमनाथ के धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व का अनुभव करने तथा भारत की सांस्कृतिक विरासत की दृढ़ता को समझने का अवसर प्रदान किया। अपने अनुभव साझा करते हुए प्रतिभागियों ने इस यात्रा को केवल एक आध्यात्मिक यात्रा से कहीं अधिक बताया। उन्होंने इसे एक यादगार अनुभव करार दिया, जिसने उन्हें भारत की संस्कृति, विरासत और इतिहास के और करीब ला दिया।

सोमनाथ स्वाभिमान पर्व का आयोजन सोमनाथ मंदिर पर पहले दर्ज आक्रमण के 1,000 वर्ष पूरे होने के अवसर पर किया जा रहा है। इन समारोहों के अंतर्गत देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालुओं और आगंतुकों को सोमनाथ की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के लिए विशेष यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। इन पहलों के माध्यम से अब तक 35,000 से अधिक लोग सोमनाथ महादेव के दर्शन कर चुके हैं।

‘युवा सोमनाथ यात्रा’ इसी व्यापक पहल का हिस्सा थी, जिसका उद्देश्य युवा पीढ़ी को भारत की ऐतिहासिक विरासत, सांस्कृतिक मूल्यों और समृद्ध धरोहर से जोड़ना था। ऐसी पहलों के माध्यम से संस्कृति मंत्रालय युवाओं को देश की विविध सांस्कृतिक परंपराओं और ऐतिहासिक स्थलों के बारे में जानने तथा उनसे जुड़ने के लिए निरंतर प्रोत्साहित कर रहा है।

*****

पीके/केसी/आरटी/एके


(रिलीज़ आईडी: 2341551) आगंतुक पटल : 10
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English